सपना सी.पी. साहू
नित्य संदेश, इंदौर। नंदनवन कॉलोनी में एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां चार साल की मासूम बच्ची हाजरा की कार में दम घुटने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बता दें कि शहर की नंदनवन कॉलोनी के रहने वाले शाबिर हुसैन अपने परिवार और बच्चों के साथ कार से ईद की शॉपिंग करने गए थे। जब पूरा परिवार शॉपिंग कर घर लौटा, तो बाकी लोग तो कार से उतर गए, लेकिन उनकी चार साल की पोती हाजरा कार की पिछली सीट पर सोई रह गई। दादा-दादी और परिवार के अन्य सदस्य जल्दबाजी में उसे गाड़ी से उतारना भूल गए।
करीब 45 मिनट तक जब बच्ची घर में नहीं दिखी, तब परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी ढूंढने के बाद जब कार का दरवाजा खोला गया, तो मासूम हाजरा अंदर बेसुध हालत में मिली। इंदौर की भीषण गर्मी के कारण करीब तीन घंटे से बंद कार अंदर से पूरी तरह भट्टी बन चुकी थी। परिवार के लोग उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया कि बच्ची की मौत दम घुटने (सफोकेशन) की वजह से हुई है।
इस हादसे के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। मासूम के दादा शाबिर हुसैन ने गहरे दुख के साथ कहा कि एक छोटी सी भूल ने उनके घर की खुशियां छीन लीं और इस बात का मलाल उन्हें जिंदगी भर रहेगा।

No comments:
Post a Comment