सपना सी.पी. साहू
नित्य संदेश, इंदौर। इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन के पास एक ट्रेन हादसा हो गया, जहां ऋषिकेश से आ रही लक्ष्मीबाई नगर-ऋषिकेश उज्जैनी एक्सप्रेस (14317) के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन के पास यार्ड या लूप लाइन पर प्रवेश कर रही थी। राहत की बात यह रही कि स्टेशन के नजदीक होने के कारण ट्रेन की रफ्तार बेहद धीमी थी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के वक्त डिब्बों में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के भी घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के उच्च अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन तुरंत मौके पर पहुंच गए। रेलवे अमले ने तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों को डिब्बों से सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की। इस डिरेलमेंट के कारण लक्ष्मीबाई नगर और इंदौर रेल खंड पर ट्रेनों का आवागमन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। वर्तमान में रेलवे की तकनीकी टीम पटरी को दुरुस्त करने और उतरे हुए डिब्बों को दोबारा ट्रैक पर लाने के काम में जुटी हुई है ताकि इस रूट पर यातायात को जल्द से जल्द सामान्य किया जा सके। वहीं, रेलवे प्रशासन ने इस बात की जांच के आदेश दे दिए हैं कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या फिर इसके पीछे कोई मानवीय चूक थी।

No comments:
Post a Comment