नित्य संदेश ब्यूरो
लखनऊ। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा पूर्वानुमान के अनुसार दिनांक 28 एवं 29 मई 2026 को जनपद मेरठ में आंधी / तड़ित झंझावत (हवा की गति 70 से 80 झोंकों में बढ़कर 90 कि०मी० प्रति घंटा) की, मेघगर्जन एवं वज्रपात की तथा ओलावृष्टि की संभावना है।
संभावित मौसम परिवर्तन को देखते हुए जनपदवासियों की सुरक्षा के दृष्टिगत, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा निम्नलिखित एडवाइजरी जारी की जा रही है -
आंधी तूफ़ान एवं अतिवृष्टि से बचाव हेतु सुरक्षा के उपाय
पूर्व तैयारियाँ
• घर / भवनों / इमारतों के दरवाजे, खिड़कियाँ, छत और दीवारों की मरम्मत कर उन्हें मजबूत करें।
• घर के बाहर या छत पर रखी वस्तुएँ, जो हवा में उड़कर क्षति पहुँचा सकती हैं उन्हें बांधकर रखें या वहाँ से हटा दें।
• कमजोर हो चुके पेड़ों की शाखाएं जो गिर कर चोट या क्षति पहुंचा सकती हैं, उन्हें गिरा कर हटा दें।
• मौसम की अद्यतन जानकारी और चेतावनियों के लिए रेडियो, टीवी एवं समाचार पत्रों व अन्य संचार माध्यमों से जानकारी लेते रहें।
• भारी वस्तुओं को अलमारी या रैक के निचले खानों में रखें।
• आपातकालीन किट और आवश्यक खाद्य सामग्री, दवाइयां, टॉर्च एवं बैटरी आदि तैयार रखें।
क्या करें
• पक्के मकान में शरण लें।
• सभी विद्युत उपकरणों को बंद रखें।
• कार, बस या बंद वाहन में यात्रा कर रहे हैं तो सुरक्षित स्थान देखकर रुक जाएं।
• टिन की छतों / धातु की चादरों / होर्डिंग्स / साइन बोर्ड आदि जैसी संरचनाओं से दूर रहें।
• टूटी विद्युत लाइनों, क्षतिग्रस्त संरचनाओं, सड़कों और टूटे वृक्षों के सावधान रहें।
• पालतू पशुओं को आश्रय में बाँधें।
क्या न करें
• धारदार अथवा नुकीली वस्तुओं को ढीला अथवा खुले में न रखें।
• धातु से बनी वस्तुओं का उपयोग न करें।
• पेड़ के नीचे शरण ना लें।
• घर से बाहर जाने की आधिकारिक सूचना न मिलने तक ना निकलें।
• यात्रा के दौरान घर लौटने के लिए निर्देशित मार्ग का ही पालन करें। घर पहुँचने की जल्दी न करें।
• कच्चे मकान कमजोर छत और जर्जर दीवारों के नीचे आसपास शरण ना लें।
वज्रपात(आकाशीय बिजली) से बचाव हेतु सुरक्षा के उपाय
क्या करें
• पक्के मकान में शरण लें।
• यात्रा के दौरान वाहन में ही रहें।
• खिड़की, दरवाजे, बरामदे एवं छत से दूर रहें। बिजली की सुचालक वस्तुओं से दूर रहें।
• बिजली के उपकरणों या तार के संपर्क में आने से बचें।
• तालाब और जलाशयों से दूर रहें।
• समूह में खड़े होने के बजाय अलग-अलग खड़े हों।
• खेत खलिहान में पैरों के नीचे लकड़ी, प्लास्टिक, बोरा या सूखे पत्ते रख लें।
• धातु से बने कृषि यंत्रों से स्वयं को दूर रखें।
• घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाएं।
• मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी लेते रहें।
• वज्रपात की पूर्व चेतावनी के लिए DAMINI मोबाइल एप्लीकेशन तथा SACHET मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करें।
क्या न करें
• पेड़, बिजली के खंबे, हाईटेंशन लाइन के नीचे या आसपास शरण न लें।
• दीवार के सहारे टेक न लगाएं।
• बिजली व टेलीफोन के खंभों के नीचे शरण न लें।
• नल, फ्रिज व टेलीफोन आदि को न छुएं।
• धातु से बनी वस्तुओं का उपयोग न करें।

No comments:
Post a Comment