नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में दायित्व ग्रहण करने के उपरांत जनपद मेरठ में प्रथम आगमन पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेन्द्र तोमर का जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा मंगलवार को स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस आत्मीय स्नेह और सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करने हेतु सोमेन्द्र तोमर ने लगभग 15 किलोमीटर लंबी पदयात्रा कर शहरवासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेन्द्र तोमर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग तथा स्वस्थ जीवनशैली के संदेश का पालन करते हुए दिल्ली के सराय काले खां से नमो भारत रैपिड रेल द्वारा मेरठ साउथ स्टेशन तक यात्रा की, उसके बाद वहां से मेट्रो में यात्रा कर भैंसाली मेट्रो स्टेशन पहुंचे। इसके उपरांत वे चिलचिलाती धूप के बावजूद समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ पैदल निकल पड़े और पूरे मार्ग में नागरिकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
पदयात्रा मेरठ साउथ स्टेशन से प्रारंभ होकर भैंसाली मेट्रो स्टेशन, शहीद स्मारक, सदर बाजार, बाबा औघड़नाथ मंदिर, हनुमान चौक, आबूलेन, पी.एल. शर्मा रोड, पंचमुखी हनुमान मंदिर, कचहरी पुल, कमिश्नरी चौराहा, कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम, साकेत चौराहा, अंबेडकर चौराहा एवं एमडीए होते हुए सर्किट हाउस पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। पदयात्रा के दौरान सोमेन्द्र तोमर ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अमर क्रांतिकारी मंगल पांडेय, 1857 की क्रांति के महानायक कोतवाल धन सिंह गुर्जर, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, नेताजी सुभाष चंद बोस, वरिष्ठ जननेता कैलाश प्रकाश, पंडित गुलाकी दास शर्मा तथा भारत रत्न डॉ. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा औघड़नाथ मंदिर, हनुमान चौक मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, कचहरी हनुमान मंदिर, शास्त्री नगर शिव पार्वती मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश और देश की सुख, समृद्धि की कामना की।
सर्किट हाउस पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेन्द्र तोमर ने पत्रकार बंधुओं को संबोधित किया और कहा कि मेरठ की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके प्रति नहीं, बल्कि मेरठ की जनता के विश्वास, भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मेरठ सहित पूरे उत्तर प्रदेश के समग्र विकास, बेहतर आधारभूत संरचना, रोजगार सृजन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।


No comments:
Post a Comment