Breaking

Your Ads Here

Sunday, April 12, 2026

पत्रकार राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाएं : संतोष कुमार गंगवार


उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) का प्रादेशिक अधिवेशन मुरादाबाद में संपन्न

रवि गौतम

नित्य संदेश, मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) का प्रादेशिक अधिवेशन दिल्ली रोड स्थित पर्यटक आवास गृह ‘होटल राही’ में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पत्रकारों से राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि रुहेलखंड के पत्रकारों ने स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और आज डिजिटल युग में भी पत्रकारिता की मूल भावना को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। पत्रकार समाज को जागरूक करने का सशक्त माध्यम हैं, इसलिए उन्हें जनसरोकारों से जुड़ी निष्पक्ष और प्रभावी पत्रकारिता करनी चाहिए, जिससे उनकी लेखनी समाज में दीर्घकालिक प्रभाव छोड़ सके। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि एक मिशन और साधना है। उन्होंने कहा कि कलम की शक्ति तलवार से अधिक प्रभावशाली होती है, क्योंकि यह जनमत को दिशा देने और व्यवस्था को आईना दिखाने का कार्य करती है। वरिष्ठ पत्रकार, पूर्व कुलपति एवं नेशनल बुक ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष बल्देव भाई शर्मा ने अधिवेशन को संवाद, समन्वय और सामूहिक चिंतन का मंच बताते हुए कहा कि वर्तमान चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पत्रकारों का दायित्व और बढ़ जाता है। उन्होंने राष्ट्रहित में लेखनी के माध्यम से योगदान देने का आह्वान किया। विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह 'व्यस्त' ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी निष्पक्ष लेखनी केवल समाचार नहीं, बल्कि समाज की चेतना को भी अभिव्यक्त करती है। नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने संगठन द्वारा पत्रकारों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

अधिवेशन में उपज मेरठ इकाई से प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष अजय चौधरी सहित वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयवीर त्यागी, जिला प्रवक्ता अरुण सागर, मीडिया प्रभारी अखिल गौतम, जिला सचिव रवि गौतम, सिटी कोऑर्डिनेटर अमित तोमर, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, जिला सचिव सचिन कश्यप, तुषार ठाकुर, नरेश कुमार एवं आशु सैफी सहित अनेक पत्रकारों ने सहभागिता की। अजय चौधरी ने मेरठ में उपज द्वारा पत्रकार हित में किए जा रहे कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

उद्घाटन सत्र के उपरांत आम सभा एवं प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित की गई। इन बैठकों में पत्रकारों से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। प्रमुख मुद्दों में पत्रकार पेंशन योजना, आयुष्मान चिकित्सा कार्ड की विसंगतियां, रेल यात्रा रियायत की बहाली, आवासीय कॉलोनी की व्यवस्था, प्रेस मान्यता समिति का गठन, रोडवेज में सहवर्ती की निशुल्क यात्रा, पत्रकार सुरक्षा तथा छोटे समाचार पत्रों को सरकारी विज्ञापन उपलब्ध कराने जैसे विषय शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here