नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल शोध संस्थान तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में एक प्रेरणादायक एवं जनजागरणकारी कार्यक्रम “सशक्त युवा, समाज खुशहाल – जय क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल” के कार्यक्रर्मो की श्रृंखला का शुभारंभ हुआ।
संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष तस्वीर सिंह चपराना ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य- छात्र-छात्राओं में अध्ययन के प्रति एकाग्रता, अनुशासन, बुजुर्गों के प्रति सम्मान, नशा-मुक्त समाज के निर्माण तथा युवाओं में नैतिक मूल्यों का विकास करना है । साथ ही युवाओं को क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल एवं अन्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान की भावना से जोड़ना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। यह कार्यक्रम दिनांक 22 अप्रैल से 7 मई तक विभिन्न विद्यालयो में आयोजित किये जायेंगे। प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की क्षेत्रीय संयोजिका ब्रह्माकुमारी सुनीता बहन, ब्रह्माकुमारी शिवानी बहन, ब्रह्माकुमारी मीनू बहन एवं ब्रह्मा कुमार सुमित भाई तथा क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल शोध संस्थान महिला संगठन की संयोजिका प्रधानाचार्या श्रीमती सुगम सिंह धामा, अंशिका एवं ज्योति मोरल के नेतृत्व में कार्यक्रम का संयुक्त सफल संचालन किया जायेगा । कार्यक्रम के अंतर्गत गजेंद्र पब्लिक स्कूल मलियाना, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज नूर नगर, बाल कल्याणकारी शिव शिक्षा सदन इंटर कॉलेज घाट, तथा आदर्श जनता इंटर कॉलेज कपसाड सहित विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को ध्यान योग कराया गया तथा क्रांतिनायक धन सिंह कोतवाल एवं सभी शहीदों को नमन करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर शोध संस्थान की महिला संगठन संयोजिका प्रधानाचार्या श्रीमती सुगम सिंह धामा, अंशिका एवं ज्योति मोरल तथा प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की क्षेत्रीय संचालिका ब्रह्माकुमारी सुनीता बहन अपनी टीम के साथ विभिन्न विद्यालयों में पहुंचीं। उन्होंने विद्यार्थियों को ध्यान योग का अभ्यास कराया तथा शहीदों एवं क्रांतिकारियों के प्रति सम्मान का भाव जागृत करते हुए संकल्प दिलाया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यगण— श्री संजीव नगर, श्री योगेंद्र पाल सिंह, डॉ. मंजू देवी, तथा प्रबंधक शिवकुमार सिंह, गौतम प्रजापति सहित समस्त शिक्षकगणों ने सक्रिय सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने समाज में सकारात्मक सोच, अनुशासन, नशा मुक्ति एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। यह अभियान विद्यालय स्तर पर निरंतर चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, आत्मबल और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है।

No comments:
Post a Comment