Breaking

Your Ads Here

Wednesday, April 1, 2026

मेरठ मेरा गृह ज़िला है, व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं: विनीत अग्रवाल शारदा




नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा ने मेरठ में व्यापारियों के साथ हुई हालिया घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए धार्मिक यात्रा से लौटते ही सीधे पीड़ित व्यापारियों के बीच पहुंचकर अपना पुराना आक्रामक और संवेदनशील तेवर दिखाया।

उन्होंने बताया कि वे पिछले आठ-दस दिनों से धार्मिक यात्रा पर बाहर थे और कल रात ही मेरठ लौटे। वापसी के तुरंत बाद उन्होंने बिना विलंब किए सीधे व्यापारियों के बीच पहुंचकर उनके दुख-दर्द को सुना। जिस संवेदनशीलता और दृढ़ता के साथ वे पीड़ितों के बीच खड़े नजर आए, उससे यह स्पष्ट हुआ कि व्यापारियों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति उनका संकल्प अडिग है।

सबसे पहले वे हापुड़ अड्डा स्थित व्यापारी नेता पवन कुमार गर्ग की दुकान पर पहुंचे, जहां उनके पुत्र सौरव गर्ग के साथ विशेष वर्ग के कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई थी। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और वहीं से पुलिस अधिकारियों से बात कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद वे भगत सिंह मार्केट पहुंचे, जहां मार्केट अध्यक्ष आलोक गर्ग एवं उनके पुत्र के साथ हुए दुर्व्यवहार की घटना पर उन्होंने गहरा आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि ऐसी घटनाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तुरंत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

इसके उपरांत वे सूर्य प्लाजा स्थित विक्रम अरोड़ा के प्रतिष्ठान पहुंचे, जहां “ओम मोबाइल गैलरी” सहित तीन दुकानों में आग लगने से भारी नुकसान हुआ। इस दुखद घटना पर उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पीड़ित व्यापारी के साथ खड़ी है। उन्होंने जीएसटी से संबंधित दस्तावेज तैयार कराने की बात कहते हुए आश्वासन दिया कि हर संभव आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।

इस दौरान विनीत अग्रवाल शारदा ने मेरठ के पुलिस कप्तान एवं एसपी सिटी से बात करते हुए कड़े शब्दों में कहा कि व्यापारियों के साथ हुई इन घटनाओं पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई हो और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

उन्होंने दृढ़ स्वर में कहा, “मेरठ मेरा गृह ज़िला है और यहां किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

उन्होंने आगे भावुक और आक्रामक अंदाज़ में कहा, “राष्ट्र मेरा धर्म है, व्यापारी मेरी आत्मा और पार्टी मेरी माँ है। मैं अपनी आत्मा का शोषण किसी भी हालत में सहन नहीं करूंगा।”

पुलिस अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सहसंयोजक धीरज गोयल, व्यापारी नेता हेमंत चावला सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here