Breaking

Your Ads Here

Wednesday, April 29, 2026

उप्र को एक्सप्रेसवे का वरदान मां गंगा का आशीर्वाद: नरेंद्र मोदी

उप्र के अंदर एक्सप्रेसवे का नेटवर्क, हाईवे और ग्रामीण सड़कों का 04 लाख किमी का बेहतरीन नेटवर्क देखने को मिल रहा: योगी आदित्यनाथ

नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। प्रधानमंत्री द्वारा 36,230 करोड रुपये से निर्मित उत्तर प्रदेश के सबसे विराट 594 कि0मी0 लम्बे गंगा एक्सप्रेसवे (मेरठ-प्रयागराज) का लोकार्पण किया गया, जिसका सजीव प्रसारण जनपद मेरठ के ग्राम बिजौली में मुख्य अतिथि मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन उ0प्र0/प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह, जनप्रतिनिधियो, अधिकारियो सहित आमजन द्वारा देखा गया। जिलाधिकारी व एसएसपी ने प्रभारी मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधियो का शाॅल ओढाकर व पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने गंगा एक्सप्रेसवे में अपनी जमीन देने वाले ग्राम प्रधान/ब्लाॅक अध्यक्ष को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सूचना विभाग की तरफ से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये।


प्रधानमंत्री ने कहा कि उ0प्र0 को एक्सप्रेसवे का वरदान मां गंगा का आशीर्वाद है। आप कुछ ही घंटो में संगम भी पहुंच सकते है और काशी मे बाबा के दर्शन करके भी वापस आ सकते है। जैसे मां गंगा हजारो वर्षो से यूपी की और इस देश की जीवन रेखा रही है वैसे ही आधुनिक प्रगति के दौर में उनके समीप से गुजरता यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई लाईफलाईन बनेगा। मुझे खुशी है कि उ0प्र0 सरकार ने इस एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है। इसमें विकास का विजन झलकता है और विरासत के भी दर्शन होते है। देश के विकास के लिए हमे तेजी से आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण करना है। एक और गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा हुआ है दूसरी ओर इसके विस्तार की योजना पर भी कार्य शुरू हो गया है, जल्द ही गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से आगे बढकर हरिद्वार तक पहुंचेगा। गंगा एक्सप्रेसवे से कम समय में बडे बाजारो तक पहुंच मिलेगी यहां खेती के लिए जरूरी इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास होगा, जिससे किसानो की आय बढेगी। गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के एक छोर को दूसरे छोर से तो जोडता ही है यह एनसीआर की असीम संभावनाओ को भी करीब लायेगा। गंगा एक्सप्रेसवे पर गाडियां तो दौडेगी ही इसके किनारे नये औद्योगिक अवसर विकसित होंगे। उ0प्र0 का औद्योगिक विकास भारत की सामरिक ताकत बन रहा है। आज यूपी देश में सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला प्रदेश बन गया है। आज उ0प्र0 में 21 एयरपोर्ट है 05 इंटरनेशनल एयरपोर्ट है। हमारा उत्तर प्रदेश भगवान राम और भगवान कृष्ण की धरती है। यूपी की कानून व्यवस्था का देशभर में उदाहरण दिया जाता है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कर-कमलो से गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न होने जा रहा है। पूरे देश के अंदर आज जब हम नये भारत का दर्शन कर रहे है उस नये भारत के नये उ0प्र0 में यह आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर जो हमारे आवागमन को सरल बना रहा है बल्कि हमारी अर्थव्यवस्था को भी एक नई ऊंचाई प्रदान कर रहा है। आज उ0प्र0 के अंदर एक्सप्रेसवे का एक नेटवर्क, हाईवे और ग्रामीण सडको का 04 लाख कि0मी0 का एक बेहतरीन नेटवर्क देखने को मिल रहा है। उ0प्र0 के अंदर एक्सप्रेसवे दूरी को ही कम नहीं कर रहे है बल्कि इन सभी पर डिफेन्स मैन्युफैक्चरिंग कोरिडोर जो मा0 प्रधानमंत्री जी ने उ0प्र0 के लिए स्वीकृत किया था वह भी है।


प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक दिन है। वर्ष 2021 में मा0 प्रधानमंत्री जी के द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया गया था और वर्ष 2026 में आज के दिन मा0 प्रधानमंत्री जी के द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया जा रहा है। अब मेरठवासी मात्र 06 घंटे में मेरठ से प्रयागराज आसानी से पहुंच सकते है। मेरठ से लखनऊ मात्र 04 घंटे में पहुंच जायेंगे यह एक्सप्रेसवे मेरठवासियो को बहुत बडी सौगात है। उन्होने कहा कि हम भाग्यशाली है जो हमने उत्तर प्रदेश में जन्म लिया है। उन्होने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कोई सामान्य लोकार्पण नहीं है यह भारत की सभ्यता, संस्कृति और आत्मा को जोडने वाला लोकार्पण है, इसके लिए हम मा0 प्रधानमंत्री व मा0 मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन करते है। उन्होने कहा कि पहले मेरठ से दिल्ली जाने में ढाई से तीन घंटे लगते थे लेकिन अब रैपिड रेल से मेरठवासी मात्र 45 मिनट में मेरठ से दिल्ली पहुंच जाते है। प्रशासन शासन की नीतियो को जनता तक पहुंचाने का काम कर रहा है। आज उ0प्र0 का सर्वागीण विकास हो रहा है। वर्ष 2017 से पूर्व उ0प्र0 में मात्र 02 एक्सप्रेसवे थे परन्तु मा0 मुख्यमंत्री जी की सरकार में 22 एक्सप्रेसवे है।


राज्यमंत्री ऊर्जा डा0 सोमेन्द्र तोमर ने कहा कि जहां एक ओर मा0 प्रधानमंत्री जी का आशीर्वाद लगातार मेरठ को मिल रहा है तो वहीं दूसरी ओर मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में मेरठ लगातार विकास के पथ पर आगे बढ रहा है। यह प्रदेश का सबसे बडा एक्सप्रेसवे है जो सिर्फ विकास हीं नहीं बल्कि हमारी संस्कृति को भी जोडता है।


इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेई, राज्यमंत्री ऊर्जा डा0 सोमेन्द्र तोमर, महापौर हरिकान्त अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, विधायक सिवालखास गुलाम मौहम्मद, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, सीडीओ नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, सीएमओ डा0 अशोक कटारिया, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर बृजेश सिंह, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति, आमजन उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here