Breaking

Your Ads Here

Wednesday, April 22, 2026

जीवन जीने की पद्धति सिखाता है एनएसएस : प्रोफेसर संगीता शुक्ला

एनएसएस टीम ने किया कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला को किया सम्मानित

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ से संबद्ध रोवर्स-रेंजर्स प्रकोष्ठ द्वारा दिनांक 22 अप्रैल 2026 को एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला का अभिनंदन एवं सम्मान किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स की भूमिका को विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है, जो युवाओं में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता का निर्माण करती है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में जब युवा वर्ग अनेक चुनौतियों और विचलनों से घिरा हुआ है, ऐसे में रोवर्स-रेंजर्स जैसी गतिविधियां उन्हें सही दिशा प्रदान करती हैं। यह मंच विद्यार्थियों को न केवल समाज सेवा के प्रति प्रेरित करता है, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए भी तैयार करता है। 

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन रोवर्स-रेंजर्स गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विश्वविद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण शिविर, सामाजिक जागरूकता अभियान, पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम एवं नेतृत्व विकास कार्यशालाओं का आयोजन और अधिक व्यवस्थित रूप से किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इससे जुड़ सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे रोवर्स-रेंजर्स की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करें और समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें।

कार्यक्रम में कुलपति महोदया का अभिनंदन एन.एस.एस. संयोजक डॉ. दुष्यंत चौहान, मुख्य कुलानुशासक प्रो. वीरपाल सिंह एवं डॉ. अंजलि शर्मा, राजकीय महिला महाविद्यालय, खरखोदा, मेरठ द्वारा पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। कार्यक्रम में रोवर्स-रेंजर्स के अमित कुमार सहायक प्रादेशिक संगठन तथा करतार सिंह, कार्यालय अधीक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना विभाग की गरिमामयी उपस्थिति रही।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here