नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (डीम्ड-टू-बी यूनिवर्सिटी), मोदीपुरम के यूनिवर्सिटी ऑडिटोरियम में 17 अप्रैल को “मैटलैब एवं उसके अनुप्रयोग” विषय पर एक विस्तृत एवं अत्यंत उपयोगी हैंड्स-ऑन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक इंजीनियरिंग टूल्स, सिमुलेशन तकनीकों एवं उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।
इस कार्यशाला के विशेषज्ञ वक्ता श्री मनोज कुमार, असिस्टेंट मैनेजर – टेक्निकल, डिजाईनटेक सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को मेटलैब प्रोग्रामिंग की मूलभूत अवधारणाओं से परिचित कराया तथा सिमुलिंक मॉडल्स के माध्यम से जटिल समस्याओं के समाधान की प्रक्रियाओं को सरल तरीके से समझाया। कार्यशाला के दौरान मशीन लर्निंग के विभिन्न अनुप्रयोगों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, मेटलैब की विभिन्न प्रोग्रामिंग भाषाओं जैसे पायथन, सी++ एवं वीएचडीएल के साथ कोम्पक्टिबिलिटी को भी स्पष्ट किया गया।
विशेषज्ञ द्वारा सेंसर, मोबाइल, क्लाउड तथा वास्तविक समय (रियल-टाइम) डेटा को सिमुलिंक मॉडल्स के साथ जोड़ने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, जिससे छात्रों को आधुनिक तकनीकों की गहरी समझ प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त, मैथवर्क्स द्वारा उपलब्ध निःशुल्क सर्टिफिकेशन प्रोग्राम्स की जानकारी भी दी गई, जिनके माध्यम से छात्र अपने तकनीकी कौशल को और सुदृढ़ कर सकते हैं। कार्यशाला में लाइव सिमुलेशन एवं प्रस्तुतिकरण के माध्यम से विषयों को प्रभावी एवं रोचक बनाया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि छात्रों ने मेटलैब मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं अभ्यास किया, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ और उनकी समझ और अधिक सशक्त हुई। इस कार्यशाला में बड़ी संख्या में छात्रों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायक अनुभव बताया।
No comments:
Post a Comment