Breaking

Your Ads Here

Thursday, April 23, 2026

डिजिटल इनोवेशन सेंटर से तैयार होंगे भविष्य के सक्षम शिक्षक एवं हाईटेक विद्यार्थी : कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ परिसर के केंद्रीय मूल्यांकन भवन में स्थापित डिजिटल इनोवेशन सेंटर के उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि यह केंद्र विश्वविद्यालय के शैक्षिक और तकनीकी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस सेंटर के माध्यम से न केवल भावी शिक्षकों (गुरूजी) को आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित किया जाएगा, बल्कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को भी डिजिटल रूप से सशक्त और हाईटेक बनाया जाएगा।

कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और डिजिटल तकनीक इसमें अहम भूमिका निभा रही है। ऐसे में यह आवश्यक हो गया है कि शिक्षक और विद्यार्थी दोनों ही नवीनतम तकनीकों से परिचित हों। डिजिटल इनोवेशन सेंटर इसी उद्देश्य की पूर्ति करेगा, जहां आधुनिक कंप्यूटर, हाईस्पीड इंटरनेट और अत्याधुनिक संसाधनों के माध्यम से प्रशिक्षण एवं शिक्षण कार्य संपन्न किया जाएगा। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें कौशलयुक्त, आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाना है। इस सेंटर के माध्यम से विद्यार्थियों को नई-नई तकनीकों, डिजिटल टूल्स एवं स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। 

कुलपति ने यह भी बताया कि आगामी समय में इस सेंटर का उपयोग विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर असिस्टेंट प्रोफेसर जैसी परीक्षाओं के संचालन में भी किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। अंत में उन्होंने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को इस महत्वपूर्ण पहल के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं और आशा व्यक्त की कि यह केंद्र विश्वविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सहायक सिद्ध होगा।

इस अवसर पर कुलसचिव डाॅ0 अनिल कुमार यादव, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, प्रो0 बीरपाल सिंह, प्रो0 भूपेंद्र सिंह, प्रो0 हरे कृष्णा, प्रो0 वीके बर्नवाल, प्रो0 बिन्दु शर्मा, प्रो0 राकेश शर्मा, प्रो0 आरके सोनी, प्रो0 कृष्णकांत शर्मा, प्रो0 अनुज कुमार, प्रो0 शैलेंद्र शर्मा, डाॅ0 नीरज सिंघल, डाॅ0 सचिन कुमार संदीप अग्रवाल, डीपी सिंह, अंशुल मलिक, हारून सैफी सहदेव, शिवम, आदि मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here