नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में जनगणना कार्य में लगे संबंधित समस्त अधिकारियो के साथ समीक्षा बैठक आहूत की गई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया कि नियमित बैठक की जाये। समस्त अधिकारीगण आपसी समन्वय के साथ कार्यों को समयबद्धता के साथ करें।
जनगणना ब्लॉक का वर्गीकरण ठीक से कर लिया जाये। प्रगणक एवं सुरवाइजर की नियुक्ति तथा उनके प्रशिक्षण को समयबद्धता के साथ पूर्ण कराते हुये कार्यवाही सुनिश्चित करें। चार्ज ऑफिसर एवं अन्य जनपद स्तरीय जनगणना अधिकारी नियमित जनगणना कार्यों की मॉनीटरिंग और त्रुटिरहित कार्यवाही सुनिश्चित करें, लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नही है। जनगणना कार्य में किसी प्रकार की समस्या पर अपने वरिष्ठ अधिकारी को तत्काल बताये तथा उसका निराकरण करते हुये कार्यवाही करें। डाटा फीडिंग में सतर्कता बरती जाये तथा त्रुटिरहित समस्त फीडिंग की जाये। जनगणना कार्य हेतु जो तिथियां निर्धारित की गई है उन तिथियो में प्रथम चरण में मकानो की गणना और द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना को समयबद्धता के साथ पूर्ण कराये जाने हेतु समस्त तैयारी कर ली जाये। इसके अलावा उपस्थित अधिकारियो द्वारा उठाये गये बिन्दुओ पर जिलाधिकारी द्वारा समाधान किया गया।
इस अवसर पर समस्त एसडीएम, समस्त अपर जनगणना अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी जिला कृषि अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, समस्त ईओ, निदेशालय स्तर से नामित अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment