नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विश्व स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसन विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों एवं स्वास्थ्य वार्ताओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली, रोगों की रोकथाम तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के प्रति जागरूक करना रहा।इस वर्ष की थीम “Together for Health, Stand with Science” पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि किसी प्रकार की बीमारी होने पर डॉक्टर से ही परामर्श ले, ना कि झाड़ फूंक, अंधविश्वास अथवा गूगल या सोशल मीडिया पर भरोसा करे। ऐसा करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।मेडिकल कॉलेज की सामान्य ओपीडी में कम्युनिटी मेडिसिन के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार एवं डॉ तनवीर बानो प्रोफेसर की उपस्थिति में स्वास्थ्य वार्ता आयोजित की गई, जिसमें मरीजों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसी क्रम में मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत आने वाले नगरीय स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र, नगला बट्टू में तथा ग्रामीण स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र (RHTC) में भी कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के अंतर्गत स्वास्थ्य वार्ता आयोजित की गई। इसके अतिरिक्त, विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 25 मार्च 2026 को कम्युनिटी मेडिसन विभाग में एक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया जिसका संचालन नोडल अधिकारी डॉ नीलम एस गौतम द्वारा किया गया ।
इस प्रतियोगिता में एमबीबीएस 2023 बैच के छात्रों रामप्रकाश साह, केशव सैनी एवं गौरव कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इन सभी कार्यक्रमों का सफल आयोजन प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ संजीव कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। जिसमें विभागीय सीनियर रेजिडेंट डॉ त्रिभुवन, डॉ शुभाली एवं अन्य जूनियर रेजीडेंट डॉ सिदरा , डॉ साक्षी इत्यादि का विशेष योगदान रहा। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.सी. गुप्ता ने इन कार्यक्रमों की सराहना करते हुए इसे जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

No comments:
Post a Comment