खडोली में कैबिनेट मंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार और प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल का जोरदार स्वागत — “एक बूथ–10 यूथ” अभियान को गति देने के निर्देश
शाहिद खान
नित्य संदेश, मेरठ। जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर खडोली में पार्टी का भव्य एवं जोशीला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार तथा प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल का पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश मेरठ के जिला अध्यक्ष चौधरी रियाजुद्दीन द्वारा किया गया। इस अवसर पर मेरठ मंडल प्रभारी श्री कुशवाहा, प्रदेश सचिव एवं सहारनपुर मंडल प्रभारी कपिल देव जैन, युवा प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी जयवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
“जिला अध्यक्ष के हाथ मजबूत करें, संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाएं” — श्रवण कुमार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनता दल यूनाइटेड के कैबिनेट मंत्री एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ता अपने-अपने जिले के जिला अध्यक्षों के हाथों को मजबूत करें और JDU की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें।
उन्होंने कहा कि बिहार में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में जनहित एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लागू किए गए हैं। बिहार में शराबबंदी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड की सरकार ने सामाजिक सुधार और जनहित को प्राथमिकता देते हुए ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं।
श्रवण कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी जनता दल यूनाइटेड अपने संगठन का विस्तार कर रही है और यदि पार्टी नेतृत्व का निर्णय होता है तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की विभिन्न विधानसभा सीटों पर पार्टी के प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से पूरी ताकत के साथ संगठन निर्माण में जुट जाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने दिए 2027 की तैयारियों के स्पष्ट निर्देश
जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने सभी जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां अभी से प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में “एक बूथ–10 यूथ” अभियान को प्रभावी ढंग से चलाया जाए और प्रत्येक बूथ पर युवा कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार की जाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने जिला अध्यक्षों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने जिलों में संगठन का विस्तार करते हुए विधानसभा स्तर से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दें, ताकि आने वाले समय में जनता दल यूनाइटेड एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा सके।
मेरठ जिला अध्यक्ष चौधरी रियाजुद्दीन ने संगठन विस्तार का भरोसा दिलाया
मेरठ जिला अध्यक्ष चौधरी रियाजउद्दीन ने प्रदेश नेतृत्व को आश्वस्त करते हुए कहा कि मेरठ जनपद में जनता दल यूनाइटेड के संगठन को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संभावित प्रत्याशियों एवं संगठनात्मक तैयारियों का विस्तृत ब्योरा तैयार कर प्रदेश नेतृत्व एवं पार्टी कार्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।
सहारनपुर से भी मजबूत सहभागिता
आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश जिला सहारनपुर के जिला अध्यक्ष अहसान अली जी के नेतृत्व में सहारनपुर की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष सहारनपुर चौधरी मेहरबान सहित सहारनपुर के पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सहारनपुर टीम की उपस्थिति ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन के विस्तार और विभिन्न जनपदों के बीच बेहतर समन्वय का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प लिया। जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश के इस कार्यक्रम ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी की सक्रियता, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियों को लेकर एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश दिया है।
No comments:
Post a Comment