Breaking

Your Ads Here

Monday, April 20, 2026

सादगी भरे अंदाज में आम शख्स की तरह नजर आए 'आशिकी' फेम एक्टर


नित्य संदेश एजेंसी 
नई दिल्ली। किस्मत कब पटल जाए कोई अनुमान नहीं लगा सकता। पहली ही फिल्म से लोकप्रियता के शिखर पर पहुंचने वाले एक एक्टर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वे किसी आम शख्स की तरह नजर आ रहे हैं। पत्थर बिछी एक राह है और अपना ट्रॉली बैग थामे वे आगे बढ़ रहे हैं। देखने वाले भी चौंक गए हैं। क्या आपने इन्हें पहचाना? आपको हिंट देते हैं। ये एक्टर 'बिग बॉस' के पहले सीजन के विजेता रहे हैं। वहीं, फिल्म 'आशिकी' से इन्होंने डेब्यू किया?

'बस एक सनम चाहिए आशिकी के लिए' फिल्म 'आशिकी' के गाने की ये लाइन आपको अच्छे से याद होगी। इसके साथ ही फिल्म के एक्टर राहुल रॉय को भी कोई नहीं भूल सकता। वीडियो में नजर आ रहे शख्स अभिनेता राहुल रॉय ही हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में वे सादगी भरे अंदाज में किसी आम शख्स की तरह नजर आए। उन्हें देख वहां मौजूद लोग वीडियो बनाने लगे। 
 
नेटिजंस बोले- 'वीडियो बनाते रहे, किसी ने मदद नहीं की'
एक्टर के इस वायरल वीडियो पर यूजर्स के कमेंट्स आ रहे हैं। उन्हें देखकर वीडियो बनाने वाले लोगों पर नेटिजंस नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'मोबाइल से वीडियो बनाते रह गए, लेकिन किसी ने भी सूटकेस उठाकर हेल्प नहीं की'। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'ये बिग बॉस के पहले सीजन के विनर भी रहे हैं'। एक अन्य यूजर ने लिखा है, 'जब इंडस्ट्री उन लोगों को चमकने का मौका नहीं देती, जो वहां होने के हकदार हैं, तो वे इसी तरह सर्वाइव करते हैं'।

राहुल रॉय का करियर
बता दें कि फिल्म ‘आशिकी’ से एक्टर राहुल रॉय को जो पहचान मिली, उससे उन्हें 'रोमांटिक हीरो', लवर बॉय' जैसे कई नाम भी मिले। राहुल रॉय की पहली फिल्म 'आशिकी' हिट साबित हुई थी। 'आशिकी' करीब 6 महीने तक हाउसफुल चलती रही और इसकी सफलता ने राहुल को रातों रात स्टार बना दिया। राहुल की पहली फिल्म 'आशिकी' बड़ी हिट थी, लेकिन उसके बाद आने वाली उनकी 25 फिल्में पर्दे पर बुरी तरह से फ्लॉप हुईं। राहुल ने ‘फिर तेरी कहानी याद आई’, ‘जानम’, ‘सपने साजन के’, ‘गुमराह’ और ‘मझदार’ जैसी फिल्में कीं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में भोजपुरी फिल्मों में भी हाथ आजमाया।

आखिरी बार 'आगरा' में दिखे थे राहुल रॉय
राहुल रॉय को आखिरी बार साल 2023 में आई फिल्म 'आगरा' में देखा गया था. ये एक साइकोलॉजिकल ड्रामा फिल्म है, जिसे कनु बहल ने को-राइट और डायरेक्ट किया था. इस फिल्म में मोहित अग्रवाल और प्रियंका बोस जैसे एक्टर्स भी नजर आए थे. 

गंभीर बीमारी से गुजर चुके हैं राहुल रॉय
बता दें कि राहुल रॉय (Rahul Roy) को साल 2020 में ब्रेन स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारी हो गई थी। उन्हें मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान उन्हें आर्थिक संकट का भी सामना करना पड़ा। ऐसे में बॉलीवुड के भाईजान यानी सलमान खान ने उनकी मदद की। सलमान खान ने राहुल रॉय के अस्पताल के बिल चुकाए, जिसकी पुष्टि खुद एक्टर की बहन ने भी की।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here