इकराम चौधरी
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। क्षेत्र के ललियाना स्थित मौलाना आज़ाद जूनियर हाई स्कूल में शुक्रवार को ऑल इंडिया आइडियल टीचर्स एसोसिएशन (AIITA) द्वारा एक पैरेंट्स काउंसलिंग मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य माता-पिता और शिक्षकों के बीच आपसी सहयोग को बढ़ाना तथा बच्चों की शिक्षा और परवरिश में माताओं की महत्वपूर्ण भूमिका को उजागर करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मौलाना हुसैन अहमद द्वारा पवित्र कुरआन की तिलावत और प्रेरणादायक वक्तव्य के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर हल्का उत्तर प्रदेश के एसएसी सदस्य सज्जदुल्लाह त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि AIITA के मेरठ जिलाध्यक्ष रिजवान अहमद भी विशेष रूप से मौजूद रहे। मुख्य अतिथि सज्जदुल्लाह त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि मां बच्चे की पहली शिक्षक होती है और एक मजबूत समाज की नींव अच्छी परवरिश से ही रखी जाती है। उन्होंने माताओं से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके नैतिक मूल्यों, चरित्र निर्माण और अच्छे व्यवहार पर भी विशेष ध्यान दें, प्रधानाचार्य रवि कुमार और कारी मोहम्मद नईम ने भी अपने विचार साझा करते हुए कहा कि स्कूल और घर के बीच निरंतर संवाद और सहयोग से ही बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से शिक्षकों के साथ मिलकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया और इसे सफल बनाया। इस दौरान AIITA के पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने अभिभावकों को बच्चों की सही शिक्षा और मार्गदर्शन से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव दिए। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, माताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस पैरेंट्स मीट को मां, शिक्षक और संस्था के बीच विश्वास, सहयोग और साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया गया। कार्यक्रम में लगभग 125 अभिभावक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment