Breaking

Your Ads Here

Friday, April 3, 2026

आनंद विहार नमो भारत स्टेशन पर शुरु हुआ दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर का सबसे बड़ा ईवी चार्जिंग स्टेशन, 10 वाहन एक साथ हो सकेंगे चार्ज



नित्य संदेश ब्यूरो

गाजियाबाद। एनसीआरटीसी ने सतत भविष्य की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के आनंद विहार स्टेशन पर कॉरिडोर का अब तक का सबसे बड़ा फास्ट इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन स्थापित कर उसकी सेवाएँ आरंभ कर दी हैं। यह नव-स्थापित ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन इलेक्ट्रिक वाहन धारकों को अत्याधुनिक फास्ट चार्जिंग सुविधा प्रदान करेगा, जो उनकी यात्रा को और भी सुगम बनाएगा। एनसीआरटीसी का यह प्रयास स्वच्छ व हरित परिवहन को बढ़ावा देगा तथा एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने में भी सहायक सिद्ध होगा। 


इस चार्जिंग स्टेशन पर 480 किलोवाट क्षमता वाली 10 हाई-वोल्टेज चार्जिंग यूनिट्स लगाई गई हैं, जो एक ही समय में 10 इलेक्ट्रिक वाहनों को तेज़ी से चार्ज करने की सुविधा प्रदान करेंगी। यह चार्जिंग यूनिट्स चौपहिया वाहनों को मात्र 30 मिनट में लगभग 80% तक चार्ज करने की क्षमता रखती हैं। यहाँ भारी व्यावसायिक ई-वाहनों के लिए भी चार्जिंग पॉइंट्स उपलब्ध कराए गए हैं।  इलेक्ट्रिक वाहन धारक “इलेक्ट्रीफाई (ElectreeFi)” मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इस ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ईवी चार्जिंग की पूरी प्रक्रिया ऐप के माध्यम से संचालित होती है। इसका लाभ उठाने के लिए वाहन धारक को ऐप में पंजीकरण करने के बाद संबंधित नमो भारत स्टेशन पर ईवी चार्जिंग के लिए ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा। स्लॉट बुक करने के बाद ई-वाहन को कुछ ही मिनटों में चार्ज किया जा सकता है। इस ऐप के जरिए उपयोगकर्ता अपने वाहन की चार्जिंग स्थिति की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग कर सकते हैं और डिजिटल माध्यम से आसानी से भुगतान भी कर सकते हैं।


आनंद विहार में इस सुविधा के आरंभ होने के साथ ही अब साहिबाबाद, गुलधर, दुहाई, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ सहित कॉरिडोर के कुल 8 स्टेशनों पर ई-वाहन चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इन स्टेशनों पर फास्ट और सामान्य दोनों श्रेणी के चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। ऐसे यात्री, जो नमो भारत स्टेशन तक पहुँचने के लिए अपने निजी इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करते हैं, वे अब स्टेशन पर ही अपने वाहनों को आसानी से चार्ज कर सकते हैं। यह सुविधा न केवल नमो भारत यात्रियों को लाभ पहुँचाएगी, बल्कि आसपास के क्षेत्रों के निवासियों के लिए भी लाभकर होगी। अक्सर उचित इंफ्रास्ट्रक्चर के अभाव में लोग इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रयोग करने में संकोच करते हैं, ऐसे में चार्जिंग स्टेशनों तक सुलभ पहुँच उन्हें इसे अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।



एनसीआरटीसी इन फास्ट चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना के साथ न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान कर रहा है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में भी योगदान दे रहा है। एनसीआरटीसी दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के अन्य स्टेशनों पर भी ई-वाहन चार्जिंग सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रयासरत है, जिससे इस क्षेत्र में स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here