नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 26वां वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह 'स्पन्दन'अत्यंत हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो.(डॉ.)दिव्या नाथ,सेवानिवृत्त प्राचार्य कु. मायावती राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बादलपुर(गौतमबुद्ध नगर)एवं कार्यक्रम अध्यक्ष- प्राचार्य प्रो. (डॉ) अंजू सिंह ,समारोहिका प्रो.उषा साहनी , सांस्कृतिक प्रभारी डॉ. राधा रानी एवं डॉ. शालिनी वर्मा के द्वारा सरस्वती माँ को माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन करके एवं छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना का गायन करके किया गया।अतिथि सम्मान में छात्राओं द्वारा स्वागत गीत गायन किया गया। मुख्य अतिथि को बुके,शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट करके सम्मानित किया गया।
प्राचार्य प्रो.(डॉ.)अंजू सिंह ने मुख्य अतिथि के व्यक्तित्व की विशेषताओं का उल्लेख करते हुए उनका स्वागत किया और अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा का परम उद्देश्य छात्राओं का सर्वांगीण विकास एवं चरित्र निर्माण करना है.महाविद्यालय एक इकाई के रुप में यह कार्य बख़ूबी कर रहा है. उन्होंने छात्राओं को उज्जवल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर महाविद्यालय पत्रिका 'जागृति' का विमोचन किया गया। प्रो.( डॉ.)उषा साहनी ने महाविद्यालय की वार्षिक प्रगति आख्या का वाचन किया। मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा क्रीड़ा चैंपियन ,सर्वश्रेष्ठ एनएसएस स्वयंसेविकाओं, सर्वश्रेष्ठ एनसीसी कैडेट्स, सर्वश्रेष्ठ रेंजर एवं सर्वोच्च अंक प्राप्त छात्राओं को पारितोषिक प्रदान किया गया। ओमप्रकाश जी स्मृति पुरस्कार भी प्रदान किया गया।पुरस्कृत छात्राएं अत्यंत प्रसन्न हो उठीं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में युगल नृत्य,पारंपरिक एकल नृत्य,युगल नृत्य, समूह नृत्य,युगल लोक नृत्य, पारंपरिक समूह नृत्य एवं होली नृत्य करके छात्राओं ने ऐसी सामूहिक सुंदर नृत्य प्रस्तुतियां कीं जिनके प्रभाव से उपस्थित सभी दर्शक गण मंत्रमुग्ध हो गए ।छात्राओं ने कवि सम्मेलन की प्रस्तुति दी। एकल गीत कु.दीप्ति प्रजापति ने प्रस्तुत किया। महिला सशक्तिकरण पर नृत्य नाटिका का कुशल मंचन बी. एड. की छात्राओं द्वारा किया गया । महाविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. नीता सक्सेना और डॉ. आशीष पाठक ने अत्यंत मधुर स्वरों में अपने एकल गीत की प्रस्तुति दी।
मुख्यअतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि पुरस्कार न मिलना अंत नहीं अपितु प्रारम्भ है ।प्रतिभागिता करना आवश्यक है। उन्होंने एक लघु कथा सुनाकर छात्राओं को निरंतर प्रयास और संघर्ष करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन समारोहिका प्रो. उषा साहनी और सह समारोहक डॉ आशीष पाठक द्वारा किया गया।डॉ. नीता सक्सेना ने कुशल रिपोर्ट लेखन किया।डॉ. राधा रानी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के बाद सर्वान्त में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह को सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार के सभी सम्मानित प्राध्यापक गणों एवं कर्मचारियों ने अपना पूर्ण योगदान दिया।
रिपोर्ट लेखिका
डॉ.नीता सक्सेना
No comments:
Post a Comment