नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के आचार्य विष्णु गुप्त सुभारती कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स में बहुप्रतीक्षित प्रबंधन महोत्सव “मंथन 2026” का भव्य एवं सफल आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में लगभग 150 विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और प्रबंधकीय दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि “मंथन जैसे आयोजन विद्यार्थियों को केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखते, बल्कि उन्हें व्यावहारिक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।” वहीं विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि “इस प्रकार के महोत्सव विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। ‘मंथन: 2026’ ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया है, जो उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।”
कार्यवाहक अधिष्ठाता प्रोफेसर (डॉ.) पद्मा मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रेरणादायी उद्बोधन दिया, जबकि शैक्षणिक समन्वयक प्रो. (डॉ.) प्रभात कुमार की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. गौरव कुमार शर्मा ने विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों पर आधारित एक प्रभावशाली प्रस्तुति दी, जिससे बाहरी संस्थानों से आए प्रतिभागियों को शैक्षणिक विविधताओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई।
महोत्सव के अंतर्गत कुल 9 रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें मैनेजमेंट क्विज़, एड-मैड शो, लोगो रीडिज़ाइन, बिंगो, डिज़ाइनर कट (न्यूज़पेपर ड्रेस), गेस-ओ-मेनिया (तोल मोल के बोल), स्टाइल सिनर्जी (फैशन शो), सेल-फाई (एड-सेल्फी) और डांस दिवा (सोलो डांस) प्रमुख रहीं। सभी प्रतिभागियों ने उत्साह, नवाचार और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस महोत्सव की समग्र संयोजक डॉ. डॉली वैश, एसोसिएट प्रोफेसर, एफओएमसी रहीं, जिनके कुशल नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन डॉ. निशा सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, द्वारा किया गया। आयोजन की सफलता में डॉ. सारिका, डॉ. श्रेया पंवार, डॉ. प्रीति, डॉ. राखी, सुश्री अमिता, सुश्री कीर्ति नायर, श्री आशीष पंत, श्री उमंग वर्मा, श्री आयुष चौहान एवं डॉ. शांतम बब्बर सहित सभी संकाय सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही तथागत, जूही, पवन, जीवांश, रितेश, प्रिंस, गुलशन, प्रगति एवं रौनक सहित विद्यार्थियों ने आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय भूमिका निभाई।
“मंथन: 2026” न केवल विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच सिद्ध हुआ, बल्कि इसने उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी सुदृढ़ किया। यह महोत्सव सभी प्रतिभागियों एवं उपस्थितजनों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

No comments:
Post a Comment