नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चावधान में आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर बुधवार को लीग का फाइनल मुकाबला मेरठ कैंट कमांडोज् और व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मेरठ कैंट कमांडोज् ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 233 रन बनाए। व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर 16 ओवर में 152 रन पर ही ऑल आउट हो गयी। मेरठ कैंट कमांडोज् ने 81 रन से बड़ी जीत हासिल कर आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग की ट्रॉफी पर कब्जा किया।
टॉस जीतकर व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। मेरठ कैंट कमांडोज् के सलामी बल्लेबाज यशु प्रधान और वर्दित छोकर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर तेजी से आगे बढ़ाया। 3.3 ओवर में टीम का स्कोर 52 रन हो चुका था की यशु प्रधान विकास सिंह की गेंद पर बड़ा शॉट मारने के प्रयास में अंतरिक्ष को कैच दे बैठे। यशु प्रधान ने एक चौको-3 छक्के सहित 13 गेंद पर 28 रन की शानदार पारी खेली। मेरठ कैंट कमांडोज् ने आज बल्लेबाजी क्रम में परिवर्तन करते हुए अक्षु बाजवा को नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के लिए भेजा। 5.2 ओवर में 63 के टीम स्कोर पर वर्दित छोकर हर्ष त्यागी की गेंद पर विकेटकीपर चैतन्य पराशर के सुरक्षित दस्तानों में कैच दे बैठे। हितेश और अक्षु बाजवा ने टीम को संभालते हुए स्कोर को आगे बढ़ाया। आठवां ओवर फेंक रहे प्रशांत की गेंदों पर अक्षु बाजवा ने दो छक्के और एक चौका जड़ कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। टीम ने 108 का स्कोर पार किया था की हितेश बड़ा शॉट मारने के प्रयास में हर्ष त्यागी की गेंद पर विकास सिंह के हाथों कैच आउट हो गए। हितेश ने 3 चौके-एक छक्के के साथ 10 गेंद पर 1 रन बनाए। राहुल ढाका और अक्षु बाजवा के बीच महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। राहुल ढाका 14 रन बनाकर विकास सिंह का शिकार बने जब अर्श प्रताप सिंह ने उनका कैच पकड़ लिया। दूसरे छोर से आतिशी शॉट लगा रहे अक्षु बाजवा रन गति को तेज करने के प्रयास में प्रशांत की गेंद पर विकास सिंह को कैच दे बैठे। अक्षु बाजवा ने 6 चौके-5 छक्के के साथ 32 गेंद पर महत्वपूर्ण 66 रन बनाए।
संदीप कुमार तोमर सिर्फ 3 रन बनाकर प्रशांत की गेंद पर बोल्ड हो गए। लेकिन प्रिंस यादव और अंकुर चौहान ने रन गति का बनाए रखा और टीम का स्कोर 17 ओवर में 194 रन तक पहंुचा दिया। 18वें ओवर की अंतिम दो गेंद पर अंकुर चौहान ने दनदनाते हुए चौके जड़ दिए। 19वें ओवर की पहली दो गेंद पर प्रिंस यादव ने दो छक्के और तीसरी गेंद पर चौका जड़ दिया। विकास सिंह के इस ओवर में 17 रन आए। 20वां ओवर फेंक रहे निशांत जिंदल भी रनों की रफ्तार को रोकने में नाकाम रहे और प्रिंस यादव ने चौका और छक्का लगा दिया। मगर चौथी गेंद पर निशांत जिंदल ने प्रिंस यादव को एलबीडब्लू आउट कर दिया। प्रिंस यादव ने 3 चौके-3 छक्के के साथ 24 गेंद पर 41 रन बनाए। लक्की सैनी एक रन बनाकर रन आउट हो गए। अंकुर चौहान ने साहसिक पारी खेलते हुए 2 चौके-2 छक्के के साथ 12 गेंद पर 22 रन बनाए।
मेरठ कैंट कमांडोज् ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 233 रन बनाए। व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के गेंदबाज विकास सिंह ने दो, हर्ष त्यागी ने दो, प्रशांत ने दो और निशांत जिंदल ने एक विकेट लिया। 234 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करने के लिए उतरे व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के सलामी बल्लेबाज अभय चौहान और हर्ष त्यागी ने पहले ओवर से ही बड़े शॉट लगाने शुरू कर दिए। दोनों बल्लेबाजों ने मात्र 4.3 ओवर में 64 रन बना दिए। इसके बाद अभय चौहान को प्रिंस यादव ने अपना शिकार बनाते हुए वर्दित छोकर के हाथों कैच आउट करा दिया। अभय चौहान ने तीन चौकों-एक छक्के के साथ 11 गेंद पर 23 रन बनाए। नंबर तीन पर आए शशांक ने 6 रन ही बनाए थे की प्रिंस यादव की गेंद ने उनकी गिल्लियां उखाड़ कर उन्हें पवेलियन भेज दिया। प्रशांत भी दो रन बनाकर रन आउट हो गए। निर्देश बैसोया भी आज खास करने में नाकाम रहे और मात्र 3 रन बनाकर रन आउट हो गए। मात्र 14 रन के अंदर तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा कर व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर के सामने हार का संकट मंडरा रहा था। आकाश त्यागी भी मात्र 6 रन बनाकर अंकुर चौहान की एक ललचाती गेंद पर अक्षु बाजवा को कैच दे बैठे। पांच विकेट खोकर स्कोर 95 रन हो गया था और उम्मीद कप्तान हर्ष त्यागी पर टिक गयीं थीं। लेकिन दूसरे छोर पर खड़े इंपैक्ट प्लेयर फैसल अलवी (13 रन) को अक्षु बाजवा ने बोल्ड कर दिया। इसी ओवर में अक्षु बाजवा ने हर्ष त्यागी को एलबीडब्लू आउट कर दिया। हर्ष त्यागी ने 4 चौके-5 छक्के के साथ 36 गेंद पर 68 रन बनाए। 133 रन पर सात विकेट खोकर व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर संकट में थीं। विकास सिंह भी रनों में बड़ा इजाफा करने में नाकाम रहे और 7 रन बनाकर पृथ्वीराज सिंह चौहान की गेंद पर यशु प्रधान के हाथों कैच आउट हो गए। मेरठ कैंट कमांडोज् की जीत अब दो विकेट दूर थी। चैतन्य पराशर (4 रन) रूद्र की गेंद को समझने मे नाकाम रहे और हितेश को कैच दे बैठे। अंतरिक्ष (7 रन) भी रूद्र का शिकार बने जब प्रिंस यादव ने उनका कैच पकड़ लिया।
व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर 16 ओवर में 152 रन पर ही ऑल आउट हो गयी। मेरठ कैंट कमांडोज् ने 81 रन से जीत हासिल कर आईआईएमटी मेरठ टी20 लीग की ट्रॉफी पर कब्जा किया। मेरठ कैंट कमांडोज् के गेंदबाज प्रिंस यादव ने दो, अक्षु बाजवा ने दो, रूद्र ने दो, पृथ्वीराज सिंह चौहान ने एक, अंकुर चौहान ने एक विकेट लिया।
*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - अक्षु बाजवा, मेरठ कैंट कमांडोज
फाइटर ऑफ द मैच - हर्ष त्यागी, व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर
मोस्ट इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - अक्षु बाजवा, मेरठ कैंट कमांडोज
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच -यशु प्रधान, मेरठ कैंट कमांडोज
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - वर्दित छोकर, मेरठ कैंट कमांडोज
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- हर्ष त्यागी, व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर
पर्पल कैप- सुनील कुमार, बीबीसी एलीट
ऑरेंज कैप- ईशु शर्मा, बीबीसी एलीट
मोस्ट सिक्स ऑफ द टूर्नामेंट- विहान जट राणा, क्रिक गिरी चैंप्स
मैन ऑफ द टूर्नामेंट - प्रियम गर्ग, शुभम स्मैशर्स
No comments:
Post a Comment