नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्तन रोगों के आधुनिक उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में "Scarless Breast Lump Excision" पर आधारित लाइव ऑपरेटिव वर्कशॉप का सफल आयोजन न्यूटिमा अस्पताल में किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने ऑफलाइन एवं ऑनलाइन माध्यम से भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य सर्जन डा. सुधी ए काम्बोज ने प्रतिभागियों के समक्ष दो जटिल मामलों का सफल लाइव प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि 'फाइब्रोएडेनोमा' आमतौर पर हानिरहित होते हैं, लेकिन अधिकांश मरीज इन्हें लेकर असहज रहते हैं और इन्हें हटवाना चाहते हैं। पारंपरिक सर्जरी में दिया गया चीरा अक्सर स्पष्ट दिखाई देता है, जो मरीजों के लिए स्वीकार्य नहीं होता।
डॉ. कम्बोज ने इस नई तकनीक की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसमें एक विशेष मशीन एवं पेन-प्रोब के माध्यम से अल्ट्रासाउंड गाइडेंस में, स्तन में एक छोटे से छिद्र द्वारा सभी गांठों को एक ही सिटिंग में निकाला जा सकता है। इस प्रक्रिया में स्तन को न्यूनतम क्षति पहुँचती है और लगभग कोई निशान नहीं रहता, जिससे यह तकनीक मरीजों के बीच अत्यंत स्वीकार्य बन रही है।
No comments:
Post a Comment