तरुण आहुजा
नित्य संदेश, मेरठ। नौचंदी थाना में व्यापारियों द्वारा दिए गए शिकायती पत्र को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर थानाध्यक्ष का कहना है कि शिकायत करने वाले व्यापारी शाम को दोबारा थाने पहुंचे और कार्यवाही न करने की बात कही, वहीं व्यापारियों ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।
व्यापारियों का कहना है कि उन्होंने लोकेश खुराना के खिलाफ दी गई तहरीर न तो वापस ली है और न ही कोई प्रतिनिधिमंडल दोबारा थाने गया। उनका आरोप है कि कुछ लोग आंदोलन को कमजोर करने और व्यापारियों को भ्रमित करने के उद्देश्य से झूठी खबर प्रकाशित करवा रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर आज जागृति विहार स्थित किसान मजदूर संगठन कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में लीगल एविडेंस प्लानर शिवनारायण यादव (फाउंडर, एविडेंस गुरुकुल फाउंडेशन) द्वारा एक आपातकालीन चेतावनी पत्र जारी किया गया। पत्र में मीडिया से अपील की गई है कि वे तथ्यात्मक जानकारी प्रकाशित करें और झूठी खबरों का खंडन करें।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से लिखित रूप में स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी शिकायत वापस नहीं ली है। संबंधित स्क्रीनशॉट मीडिया को उपलब्ध कराए गए हैं। व्यापारी नेता विजय राघव ने कहा, “कुछ लोग झूठी खबर फैलाकर जनता की आवाज को दबाना चाहते हैं, लेकिन ऐसी साजिशें सफल नहीं होंगी। सत्य सामने आएगा।”
व्यापारियों ने मांग की है कि झूठी सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान उजागर की जाए और वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाए। मामले ने अब तूल पकड़ लिया है और शहर के व्यापारिक वर्ग में इस विषय को लेकर गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
No comments:
Post a Comment