Breaking

Your Ads Here

Monday, March 30, 2026

सुभारती में “शाम-ए-ग़ज़ल” का भव्य आयोजन, पद्मश्री उस्ताद अहमद हुसैन–मोहम्मद हुसैन ने बांधा समां



बेगम अख्तर की याद में शाम-ए-ग़ज़ल का आयोजन, रिमझिम फुहारों के साथ ग़ज़लों की बारिश में भीगे मेरठवासी

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठः स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के परफॉर्मिंग आर्ट्स विभाग द्वारा पद्मभूषण बेग़म अख्त़र की याद में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के निर्देशन में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के साथ संयुक्त तत्वावधान में “शाम-ए-ग़ज़ल” का भव्य आयोजन किया गया। 

इस अवसर पर पद्मश्री सम्मान से सम्मानित सुप्रसिद्ध ग़ज़ल गायक अहमद हुसैन एवं मोहम्मद हुसैन ने अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात मंच कला विभाग के छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके उपरांत विश्वविद्यालय की परंपरा के अनुसार सभी विशिष्ट कलाकारों, मुख्य अतिथि एवं अन्य गण्यमान्य अतिथियों का पादप भेंट कर तथा पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।

ग़ज़ल संध्या में पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात ग़ज़ल गायक उस्ताद अहमद हुसैन एवं मोहम्मद हुसैन ने अपनी मधुर आवाज़ से समां बांध दिया। उनकी प्रस्तुति “प्यार का जज्बा नया रंग दिखा देता है” और हसऱत जयपुरी की लिखी ग़ज़ल “इश्क गऱ एक तरफ हो तो सज़ा देता है” , “चल मेरे साथ ही चल” से श्रोताओं को एक अविस्मरणीय संगीत अनुभव प्रदान किया। इस मौके पर हुसैन बंधुओं का साज़ पर संगत प्रख्यात सारंगी वादक कमाल खान, कीबोर्ड वादक जफर मिर्जा, गिटार वादक रतन प्रसन्ना तथा तबले पर अदनान खान ने साथ देकर कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया। 

इस दौरान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी व विशिष्ट अतिथि के रूप में मेरठ शहर के पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल रहे। वहीं प्रो. जयंत खोत, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के निदेशक डॉ. शोभित नाहर, पंडित कमाल साबरी,पंडित संतोष नाहर आदि की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.(डॉ.) प्रमोद कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी को शुभकामनाएँ दीं। वहीं विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो.(डॉ.) शल्या राज ने सभी का विश्वविद्यालय की ओर से औपचारिक रुप से स्वागत किया व कार्यक्रम में उपस्थित रहकर कलाकारों की सराहना की तथा ललित कला संकाय एवं मंच कला विभाग की पूरी टीम को बधाई दी।

कार्यक्रम के अंत में कलाकारों को विश्वविद्यालय की ओर से सम्मान-प्रतीक एवं शाल भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया। यह आयोजन ललित कला संकाय के संकाय प्रमुख प्रो.(डॉ.) पिंटू मिश्रा एवं मंच कला विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो.(डॉ.) भावना ग्रोवर के कुशल नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. श्वेता चौधरी ने किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में सुभारती विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के संकायाध्यक्ष, शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे जिनमें विश्वविद्यालय के महानिदेशक मेज. जन. (डॉ.) जी.के.थपलियाल, एसएम(सेनि.),सुभारती डिफेंस अकादमी के निदेशक कर्नल राजेश त्यागी (सेनि.), डॉ. पंकज किशोर, डॉ. उमेश कुमार, डॉ. लकी त्यागी, डॉ. अमित कुमार, अंशुल चौधरी, जतिन आदि रहे वरन शहर की कई नामचीन हस्तियों ने भी अपनी शिरकत से इस मौके को खास बना दिया। इस कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले लोगों में मेजर जनरल प्रणय डंगवाल, पूर्णिमा डंगवाल, कर्नल अमित सिंह सहित अनेक सेना अधिकारियों, शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों एवं संगीत प्रेमियों के नाम रहे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं संगीत प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। तालियों की गूंज और कलाकारों के सम्मान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजकों के अनुसार, ऐसे सांस्कृतिक आयोजन भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here