Breaking

Your Ads Here

Tuesday, March 10, 2026

शिक्षा और नवाचार से मजबूत होंगे भारत–कनाडा संबंध: कुंवर शेखर विजेंद्र



एसोचैम के भारत–कनाडा गोलमेज सम्मेलन में व्यापार, निवेश और कौशल सहयोग पर चर्चा

नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत और कनाडा के बीच व्यापार, निवेश और ज्ञान साझेदारी को नई दिशा देने के लिए एसोचैम (ASSOCHAM) द्वारा आयोजित भारत–कनाडा गोलमेज सम्मेलन में दोनों देशों के नीति निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में नवाचार, उद्यमिता, शिक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम में कनाडा सरकार, ओंटारियो की एसोसिएट मिनिस्टर फॉर स्मॉल बिज़नेस सुश्री नीना टांगरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारत और कनाडा के बीच आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देशों के बीच नवाचार, डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्वच्छ प्रौद्योगिकी तथा उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएँ हैं। इस अवसर पर एसोचैम की राष्ट्रीय शिक्षा परिषद के चेयरमैन तथा शोभित विश्वविद्यालय के सह-संस्थापक व चांसलर कुंवर शेखर विजेंद्र ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में शिक्षा और कौशल साझेदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक उच्च शिक्षा परिदृश्य में अब समय है कि छात्र गतिशीलता से आगे बढ़कर संयुक्त अनुसंधान, कौशल विकास, नवाचार और संस्थागत सहयोग को बढ़ावा दिया जाए।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े उच्च शिक्षा तंत्रों में से एक है, जबकि कनाडा अपने शोध विश्वविद्यालयों और अनुप्रयुक्त शिक्षा मॉडल के लिए जाना जाता है। दोनों देशों की इन क्षमताओं के मिलन से ज्ञान आधारित साझेदारी के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। सम्मेलन में कनाडा के ट्रेड कमिश्नर श्री एड जैगर, एसोचैम के पूर्व अध्यक्ष श्री अनिल के. अग्रवाल, इंडो–कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री प्रशांत श्रीवास्तव तथा एसोचैम के महासचिव कर्नल सौरभ सान्याल ने भी अपने विचार रखे और भारत–कनाडा सहयोग को और मजबूत बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान कुंवर शेखर विजेंद्र ने मंत्री नीना टांगरी को भारतीय संस्कृति और दर्शन के प्रतीक के रूप में श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति भेंट की।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here