नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ. सरदार पटेल सुभारती इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ, स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ के बी.ए. लएल.बी. चतुर्थ वर्ष के छात्र ओम ठाकुर ने एसएस लॉ कॉलेज, जालंधर द्वारा आयोजित प्रथम युवा सांसद 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ सांसद का खिताब प्राप्त किया।
इस प्रतियोगिता में ओम ठाकुर को लोकसभा समिति का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला, जिसके लिए आयोग द्वारा उन्हें भारत सरकार के गृहमंत्री श्री अमित शाह का पोर्टफोलियो प्रदान किया गया. छात्र संसद 2026 में बहस का विषय ‘एक राष्ट्र – एक चुनाव’ (संविधान का 129वां संशोधन विधेयक) रहा।
ओम ठाकुर ने सदन के समक्ष विषय पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार प्रस्तुत करते हुए इस प्रस्तावित विधेयक के विभिन्न पहलुओं और उसके लाभों से श्रोताओं को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि इस विधेयक का उद्देश्य लोकसभा तथा सभी राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ आयोजित करना है, जिससे सरकारी खर्च में कमी, नीतिगत स्थिरता तथा समुचित प्रशासनिक व्यवस्था को सुनिश्चित किया जा सके।
ओम के प्रभावशाली तर्क, स्पष्ट प्रस्तुति और प्रभावी वक्तृत्व कौशल से प्रभावित होकर निर्णायक मंडल ने उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद घोषित किया।
इस उपलब्धि के लिए ओम को रुपए 10,000 का नकद पुरस्कार तथा सर्वश्रेष्ठ वक्ता की ट्रॉफी प्रदान की गई। ओम की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रो. (डॉ.) पी.के. शर्मा, माननीय कुलपति, स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ तथा प्रो. (डॉ.) शल्या राज, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय, मेरठ ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सुभारती लॉ कॉलेज के निदेशक राजेश चंद्र (पूर्व न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) तथा प्रो. (डॉ.) रीना बिश्नोई, संकाय अध्यक्ष, सुभारती लॉ कॉलेज ने ओम को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को भी इस प्रकार की प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

No comments:
Post a Comment