Breaking

Your Ads Here

Thursday, March 19, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में हुए रोमांचक मैच में बीबीसी एलाइट की जीत



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्चाधान में आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर आयोजित की जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग में गुरुवार को पहला मैच बीबीसी एलाइट और मेरठ कैंट कमांडोज के बीच खेला गया। बीबीसी एलाइट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बारिश के कारण मैच को 5-5 ओवर का कर दिया गया। 

मेरठ कैंट कमांडोज की शुरूआत बेहद खराब रही और 6 रन का स्कोर होने तक टीम ने 2 विकेट खो दिए। पहले ही ओवर में गौरव यादव (4 रन) को सुनील कुमार ने दिव्यांश राजपूत के हाथों कैच आउट करा दिया। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर नमन सिंह ने हितेश कुमार (1 रन) को रन आउट कर दिया। यशु प्रधान ने तेज बल्लेबाजी करने का प्रयास किया लेकिन 10 गेंद पर 18 रन बनाने के बाद वह सुनील कुमार की गेंद पर ज्ञानेश शर्मा को कैच दे बैठे। तेज रन लेने के प्रयास में वर्दित भी 2 रन बनाकर अर्जुन त्यागी द्वारा रन आउट कर दिए गए। नंबर छह पर आए प्रिंस यादव ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 7 गेंद पर 24 रन (1 चौका-3 छक्के) बनाकर नाबाद लौटे। संदीप तोमर भी 6 गेंद पर 8 रन बनाकर नाबाद रहे। मेरठ कैंट कमांडोज ने 5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 46 रन बनाए। बीबीसी एलाइट के गेंदबाज सुनील कुमार ने दो विकेट लिए। 5 ओवर में 47 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे बीबीसी एलाइट सलामी बल्लेबाज ईशु शर्मा ने धमाकेदार शुरूआत दिलाई। मगर 5 गेंद पर 12 रन बनाने वाले ईशु शर्मा अक्षु बाजवा की गेंद को समझने में नाकाम रहे और बॉल ने उनके विकेट उड़ा दिए। राघव चोपड़ा और लक्ष्य राठी ने टीम का स्कोर 4 ओवर में 36 रन तक पहुचा दिया।

बीबीसी एलाइट को जीत के लिए अंतिम 6 गेंद पर 11 रन चाहिए थे तब मेरठ कैंट कमांडोज के कप्तान संदीप तोमर ने गेंद लक्की सैनी के हाथ में थमा दी। लक्की सैनी की पहली दो गेंद को समझने में राघव चोपड़ा नाकाम रहे और गेंद बिना कोई रन दिए सीधा विकेटकीपर के दस्तानों में समा गयी। तीसरी गेंद पर राघव चोपड़ा ने कवर्स में शॉट मारकर एक रन ले लिया। स्ट्राइक पर आए दिव्यांश राजपूत ने लक्की सैनी के ओवर की चौथी गेंद पर कवर्स में छक्का जड़कर टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। अब बीबीसी एलाइट को जीत के लिए दो गेंद पर 5 रन चाहिए थे। दिव्यांश राजपूत ने ओवर की पांचवी गेंद पर एक्सट्रा कवर्स पर छक्का जड़कर बीबीसी एलाइट को शानदार जीत दिला दी। दिव्यांश राजपूत ने 3 गेंद पर नाबाद 12 रन बनाए। वहीं राघव चोपड़ा 8 गेंद पर 10 रन बनाकर नाबाद लौटे। रोमांचक मुकाबले में बीबीसी एलाइट ने 4.5 ओवर में 2 विकेट खोकर 48 रन बनाए। मेरठ कैंट कमांडोज के गेंदबाज अक्षु ने एक विकेट लिया।

*इन खिलाड़ियों को मिले अवार्ड*
मैन ऑफ द मैच - दिव्यांश राजपूत (बीबीसी एलाइट)
फाइटर ऑफ द मैच - अक्षु बाजवा (मेरठ कैंट कमांडोज)
मोस्ट इकनोमिकल बॉलर ऑफ द मैच - अक्षु बाजवा (मेरठ कैंट कमांडोज)
बेस्ट स्ट्राइकर ऑफ द मैच - दिव्यांश राजपूत (बीबीसी एलाइट)
बेस्ट फील्डर ऑफ द मैच - अर्जुन त्यागी (बीबीसी एलाइट)
मोस्ट सिक्सर ऑफ द मैच- प्रिंस यादव (मेरठ कैंट कमांडोज)

शुक्रवार को लीग का पहला मैच दोपहर दो बजे से शुभम स्मैशर्स और मेरठ सिविल लाइंस हीरोज के बीच खेला जाएगा। दूसरा मैच शाम छह बजे से व्हाइट डॉट शास्त्रीनगर और मेरठ कैंट कमांडोज के बीच होगा। मैच का लाइव प्रसारण आईआईएमटी यूनिवर्सिटी मेरठ के यूट्यूब चैनल पर भी किया जा रहा है। जिसका लिंक https://www.youtube.com/@IIMTUNIVERSITYMEERUT है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here