Breaking

Your Ads Here

Sunday, March 1, 2026

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के ट्रायल में युवा क्रिकेटरों ने किया चयनकर्ताओं को प्रभावित



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रही आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के ट्रायल के दूसरे व अंतिम दिन मैदान पर युवा क्रिकेटरों का उत्साह देखने लायक रहा। बड़ी संख्या में खिलाड़ी मैदान पर पहुंचे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सुबह से ही मैदान पर खिलाड़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी। चयनकर्ताओं की पारखी निगाहों ने बल्लेबाजों, गेंदबाजों और विकेटकीपरों की प्रतिभा को बारीकी से परखा। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार शॉट्स, सटीक गेंदबाजी और बेहतरीन कैच पकड़कर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने की पूरी कोशिश की। तेज गेंदबाजों की रफ्तार और स्पिनरों की फिरकी ने खासा ध्यान खींचा, वहीं कई युवा बल्लेबाजों ने आक्रामक और तकनीकी रूप से मजबूत बल्लेबाजी कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। कुछ खिलाड़ियों ने अपनी ऑलराउंड क्षमता से खास छाप छोड़ी, जबकि विकेटकीपर्स ने स्टंपिंग और कैचिंग में शानदार प्रदर्शन किया। ट्रायल में हिस्सा लेने आए खिलाड़ियों ने कहा कि आईआईएमटी टी-20 लीग जैसे मंच उन्हें अपनी पहचान बनाने का सुनहरा अवसर देते हैं।

आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ0 मयंक अग्रवाल ने कहा की लीग आयोजित करने का उद्देश्य क्षेत्रीय स्तर पर छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है, ताकि उन्हें आगे बढ़ने और बड़े स्तर पर खेलने का अवसर मिल सके। खिलाड़ियों का मूल्यांकन उनकी तकनीक, फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण के आधार पर किया जा रहा है। आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग को लेकर शहर के क्रिकेट प्रेमियों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है की आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग स्थानीय क्रिकेट को नई दिशा और पहचान देगी। मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के डायरेक्टर संजय रस्तोगी ने बताया कि आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के ट्रायल में रविवार को 55 तेज गेंदबाज, 45 स्पिन गेंदबाज, 80 बल्लेबाज और 10 विकेटकीपर ने भाग लिया। मैदान पर अनुशासन और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। कई अनुभवी कोच और पूर्व खिलाड़ी भी ट्रायल के दौरान मौजूद रहे, जिन्होंने युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित किया। भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुके मेरठ के क्रिकेटर करन शर्मा की उपस्थिति ने युवा खिलाड़ियों को ऊर्जा से ओतप्रोत कर दिया।
आईआईएमटी क्रिकेट एकेडमी के डायरेक्टर उदित गौड ने बताया कि लीग में चयनित खिलाड़ियों को पेशेवर कोचिंग, बेहतर अभ्यास सुविधाएं और प्रतिस्पर्धी माहौल मिलेगा। लीग के मुकाबले दिन के साथ रात में भी आयोजित किए जाएंगे जिससे दर्शकों को दूधिया रोशनी में रोमांचक क्रिकेट देखने का अवसर मिल सके।

मीडिया प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया की होली पर्व के बाद चयनित खिलाड़ियों की सूची जारी की जाएगी। आगामी 7 मार्च को खिलाड़ियों का ऑक्शन किया जाएगा जिसमें आठों टीमों के मालिक अपने खिलाड़ियों को चुनेंगे। आईआईएमटी क्रिकेट ग्राउंड में हो रहे ट्रॉयल में पूर्व रणजी खिलाड़ी यजुवेंद्र कृष्णंत्री, उमंग शर्मा ने बतौर चयनकर्ता खिलाड़ियों की क्षमता को परखा। ट्रॉयल के दौरान वरिष्ठ क्रिकेट कोच विपिन वत्स व संजय रस्तोगी, रेहान सिद्दीकी, अंकित राठी, अमित चौधरी, तनकीब अख्तर, शाहिद, मयंक, आकाश तथा लीग में प्रतिभाग कर रहीं आठों टीमों के मालिक भी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने के लिए ट्रॉयल में मौजूद रहे। 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here