नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) ने वैश्विक शिक्षा और अनुसंधान सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मलेशिया की प्रतिष्ठित SEGi University के साथ पाँच वर्षीय अंतरराष्ट्रीय समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता रविवार को गोवा में आयोजित QS Summit 2026 के अवसर पर संपन्न हुआ। यह साझेदारी भारत–मलेशिया के बीच उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और अकादमिक सहयोग को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का सशक्त मंच बनेगी।
यह एमओयू ऐसे समय में संपन्न हुआ है जब चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ को हाल ही में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (MSDE) के नेतृत्व में Google Cloud के सहयोग से भारत का पहला “AI-Enabled State University” पायलट संस्थान चुना गया है। यह पहल शिक्षण–अधिगम, अनुसंधान, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और कौशल विकास में उन्नत कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीकों के एकीकरण की दिशा में एक राष्ट्रीय मॉडल के रूप में विकसित की जा रही है, जिससे सीसीएसयू की नवाचार आधारित वैश्विक पहचान और अधिक सुदृढ़ हुई है। इस ऐतिहासिक पहल के साथ ही में विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग्स में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ अर्जित की हैं, जिससे इसकी अकादमिक उत्कृष्टता और वैश्विक प्रतिष्ठा और अधिक सुदृढ़ हुई है।
इस अवसर पर सीसीएसयू की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा—“SEGi University के साथ यह अंतरराष्ट्रीय एमओयू चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। AI-Enabled State University पायलट संस्थान के रूप में चुने जाना तथा वैश्विक रैंकिंग्स में मिली उपलब्धियाँ यह प्रमाणित करती हैं कि सीसीएसयू गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से अग्रसर हो रहा है। यह साझेदारी हमारे विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक अवसरों से जोड़ने में मील का पत्थर सिद्ध होगी।”
सीसीएसयू को हाल ही में:
NAAC A++ (CGPA 3.66)
SCImago Institutions Rankings 2025 में उत्तर प्रदेश की राज्य विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान एवं देश में 29वां स्थान
NIRF Ranking 2025 में राज्य सार्वजनिक विश्वविद्यालयों में #41 स्थान
QS Asia University Rankings 2026 में 801–850 बैंड और दक्षिण एशिया में #254 रैंक
Times Higher Education (THE) World University Rankings 2026 में 1201–1500 वैश्विक रैंक बैंड, तथा Engineering (801–1000) और Physical Sciences (1001–1250) विषय रैंकिंग
प्राप्त हुई हैं।
इस संदर्भ में सीसीएसयू के डायरेक्टर रिसर्च प्रो. बीरपाल सिंह ने कहा—“सीसीएसयू की हालिया राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग्स विश्वविद्यालय की अनुसंधान क्षमता, अकादमिक गुणवत्ता और वैश्विक सहभागिता का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। वहीं, SEGi University का QS World Rankings में विश्व की शीर्ष 1.5% संस्थाओं में स्थान पाना इस साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाता है। दोनों विश्वविद्यालयों की यह संयुक्त पहल विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के लिए वैश्विक शोध नेटवर्क, नवाचार और उत्कृष्टता के नए अवसर खोलेगी।”
SEGi University की वैश्विक प्रतिष्ठा
1977 में स्थापित SEGi University, Malaysia देश की अग्रणी निजी विश्वविद्यालयों में शामिल है और चिकित्सा, इंजीनियरिंग, व्यवसाय सहित अनेक क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रही है। QS World University Rankings 2026 में यह विश्वविद्यालय 731–740 रैंक बैंड में स्थित है और विश्व की शीर्ष 1.5% संस्थाओं में शामिल है।
इस एमओयू के अंतर्गत छात्र एवं शिक्षक आदान–प्रदान, संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएँ, ड्यूल/जॉइंट डिग्री कार्यक्रम, अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियाँ, सम्मेलन एवं ऑनलाइन/ब्लेंडेड लर्निंग पहल विकसित की जाएँगी। यह एमओयू चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की वैश्विक अकादमिक पहचान को और अधिक सुदृढ़ करते हुए भारत को उच्च शिक्षा, अनुसंधान और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व प्रदान करने की दिशा में एक बेहतर कदम सिद्ध होगा।

No comments:
Post a Comment