Breaking

Your Ads Here

Friday, February 13, 2026

स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में शिक्षा संकाय द्वारा यूनिटी स्पोर्ट्स फेस्ट का रहा सफल आयोजन


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय द्वारा जनरल मोहन  सिंह खेल मैदान में यूनिटी स्पोर्ट्स फेस्ट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा संकाय के शिक्षण स्टाफ, गैर-शिक्षण स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।  


इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सीमा शर्मा,  विभागाध्यक्ष, भाषा विभाग तथा प्रो. एस. सी. तिवारी, प्राचार्य पॉलिटेक्निक कॉलेज रहे। मुख्य अतिथियों का स्वागत शिक्षा संकाय के अधिष्ठाता, शिक्षा विभागाध्यक्ष एवं शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष द्वारा पारंपरिक पटका एवं पौधा भेंट कर किया गया, जो सम्मान और पर्यावरणीय चेतना का प्रतीक रहा। उद्घाटन सत्र में लेफ्टिनेंट प्रो. (डॉ.) संदीप कुमार, अधिष्ठाता, शिक्षा संकाय ने अपना प्रेरणादायक संबोधन  दिया, जिसमें उन्होंने समग्र विकास में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा शिक्षा एवं कैंपस गतिविधियों में  सतत विकास लक्ष्यों (एस डी जी) की प्रासंगिकता को रेखांकित किया। यह आयोजन एसडीजी 3 (अच्छा स्वास्थ्य एवं कल्याण), एसडीजी 4 (गुणवत्तापूर्ण शिक्षा), एसडीजी 10 (असमानताओं में कमी) तथा एसडीजी 17 (लक्ष्यों के लिए साझेदारी) से संबद्ध रहा। 


इसके पश्चात प्रो. (डॉ.) इंदिरा सिंह, विभागाध्यक्ष, शिक्षा विभाग ने खेल शपथ दिलाई और औपचारिक रूप से  खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। डॉ. मंजू अधिकारी, विभागाध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा विभाग ने भी उपस्थित  जनसमूह को संबोधित करते हुए शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन एवं टीम भावना को बढ़ावा देने में खेलों की  भूमिका पर प्रकाश डाला।  खेल महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में श्री शुभम राठी, सहायक प्रोफेसर, शारीरिक शिक्षा विभाग, डॉ. मंजू अधिकारी तथा विद्यार्थी रितिक, कामिनी और नवनीत विजेता रहे। रस्साकशी प्रतियोगिता में शिक्षण स्टाफ ने गैर-शिक्षण स्टाफ को पराजित किया, जबकि  छात्रों की श्रेणी में बी.पी.एड. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने विजय प्राप्त की।  तीन टांग दौड़ प्रतियोगिता में बालिकाओं की श्रेणी में एड्रिना एवं आशका (बी.पी.एड. छात्राएँ) विजेता रहीं जबकि बालकों की श्रेणी में हर्ष यादव एवं आर्यन (बी.एल.एड. विद्यार्थी) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 


शिक्षकों  के लिए 400 मीटर रिले रेस का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता टीम (डॉ. निशांत, डॉ. मंजू  अधिकारी, श्री शुभम राठी एवं सुश्री दीपिका चौधरी) ने उत्कृष्ट समन्वय एवं खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए  जीत हासिल की।  कार्यक्रम का समापन प्रो. (डॉ.) अनोज राज द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने सभी  प्रतिभागियों एवं आयोजकों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अतुल कुमार  तिवारी द्वारा अत्यंत प्रभावशाली एवं ऊर्जावान शैली में किया गया, जिससे कार्यक्रम में विशेष उत्साह बना  रहा।  


इस कार्यक्रम के संयुक्त संयोजक डॉ. प्रवीण कुमार, एसोसिएट प्रोफेसर, शारीरिक शिक्षा विभाग एवं वैशाली  सैनी, सहायक प्रोफेसर, शिक्षा विभाग रहीं। यूनिटी स्पोर्ट्स फेस्ट ने शिक्षा संकाय के सभी सदस्यों के बीच समावेशिता, शारीरिक स्वास्थ्य, टीमवर्क एवं  एकता को सफलतापूर्वक प्रोत्साहित किया, जो खेल भावना एवं सहयोग की सच्ची मिसाल प्रस्तुत करता है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here