नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कादरपुर में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. शोभा गुप्ता एवं श्री आमोद गुप्ता ने भाग लिया। विद्यालय के प्रिंसिपल विकास जी तथा शिक्षकों ने दोनों अतिथियों का फूलों के गुलदस्ते से स्वागत किया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सहभागिता रही।
अपने संबोधन में डॉ. शोभा गुप्ता ने बताया कि राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अभियान का शुभारंभ गुरुग्राम में 8 दिसंबर 2025 को माननीय डॉ. अतुल कृष्ण, संस्थापक सुभारती समूह की अध्यक्षता में गवर्नमेंट सेकेंडरी स्कूल बहरामपुर में हुआ था। इसके पश्चात 17 दिसंबर 2025 को गवर्नमेंट हाई स्कूल उल्लाहवास में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि “उन्मुक्त भारत” के अंतर्गत चल रही राष्ट्रीय चरित्र निर्माण योजना “रचना” की तीसरी इकाई गुरुग्राम में प्रारंभ की गई है, जबकि दो इकाइयाँ मेरठ और देहरादून में सफलतापूर्वक संचालित हो रही हैं।
डॉ. शोभा गुप्ता ने कार्यक्रम की शुरुआत “जय हिंद” के नारे के साथ की, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों को “जय हिंद”, “वंदे मातरम्” तथा “देश प्रथम, सदैव प्रथम” जैसे मूल्यों की जानकारी दी तथा भारत के क्रांतिकारियों, विशेष रूप से सुभाष चंद्र बोस के योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को देशहित में अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर बल देते हुए विद्यार्थियों को अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा सही तरीके से हाथ धोने की पूरी प्रक्रिया समझाई। श्री आमोद गुप्ता ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के विषय में विस्तार से जानकारी दी और प्रत्येक छात्र को अपने जन्मदिवस पर एक पौधा लगाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और तन्मयता से भाग लिया तथा प्रश्नोत्तर सत्र में अच्छा प्रतिसाद दिया। शिक्षकगण भी निरंतर विद्यार्थियों को प्रेरित करते रहे। अंत में श्री आमोद गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को जलपान वितरित किया गया। कार्यक्रम ने छात्रों में देशभक्ति, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

No comments:
Post a Comment