नित्य संदेश ब्यूरो
नई दिल्ली। 77वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली राष्टीय पर्व पर समूचा देश देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस खास मौके पर दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर के नमो भारत स्टेशनों को भव्य तिरंगी रोशनी से सजाया गया। आधुनिक भारत की प्रगति और विश्वस्तरीय गति के प्रतीक नमो भारत स्टेशन केसरिया, सफेद और हरे रंगों की आभा से जगमगा उठे। स्टेशनों का यह मनमोहक दृश्य न केवल यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना, बल्कि विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्रीय गौरव को भी बखूबी प्रदर्शित करता नजर आया।
इस अवसर को और भी विशेष बनाते हुए राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ अत्यंत भावपूर्ण अंदाज में मनाई गई। नमो भारत ट्रेनों के भीतर सार्वजनिक उद्घोष प्रणाली के माध्यम से ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाई गई जिसने यात्रियों को भावविभोर कर दिया, वहीं स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म्स पर भी वंदे मातरम् की धुन बजाकर इस खास अवसर को अनूठे अंदाज में मनाया। गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर ‘वंदे मातरम्’ से जुड़ी एक विशेष प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जो इस महान गीत के ऐतिहासिक महत्व और भारत की स्वतंत्रता यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती है। यह प्रदर्शनी दर्शकों को भावनात्मक रूप से राष्ट्र की गौरवगाथा से भी जोड़ रही है।
एनसीआरटीसी ने 77वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पर ‘गणतंत्र गौरव उत्सव’ का भव्य आयोजन किया। राष्ट्रप्रेम, एकता और सांस्कृतिक गौरव के इस अद्भुत संगम के अवसर पर स्टेशन पर इंटर-स्कूल देशभक्ति गायन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली, गाजियाबाद एवं मेरठ के कई प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अलग-अलग समूह में उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। एनसीआरटीसी के विभिन्न निदेशकगण भी इस गौरवपूर्ण आयोजन का हिस्सा बने। एनसीआरटीसी नमो भारत स्टेशनों को केवल परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक और जीवंत “सोशल हब” के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है और इसी उद्देश्य से एनसीआरटीसी नमो भारत स्टेशनों पर ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है।

No comments:
Post a Comment