नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय मेरठ के सरदार पटेल इन्स्टीट्यूट ऑफ लॉ द्वारा विधि विद्यार्थियों के लिए पुलिस थानों का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस शैक्षिक भ्रमण का आयोजन सुभारती लॉ कॉलेज के निदेशक राजेश चन्द्रा, (पूर्व न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय, प्रयागराज, उत्तर प्रदेश) के निर्देशन में तथा प्रो (डॉ) रीना बिश्नोई संकायाध्यक्षा तथा प्रधानाचार्या, सुभारती लॉ कॉलेज के संरक्षण में किया गया।
विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए निदेशक राजेश चन्द्रा ने कहा कि इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य आपको कानून व्यवस्था और पुलिस प्रशासन की प्रक्रिया से परिचित करवाना है। संकायाध्यक्षा डॉ रीना बिश्नोई ने कहा कि इस भ्रमण के माध्यम से आप जान पाएंगे कि किस प्रकार से थाने में शिकायत दर्ज की जाती है? काउंसलिग तथा विवादों का समाधान कैसे किया जाता है। विद्यार्थियों का दल, शिक्षक दल, अरशद आलम, मुस्कान श्रीवास्तव तथा हर्षित के साथ कंकरखेड़ा थाना मेरठ पहुंचा, जहाँ पर विद्यार्थियों द्वारा थाना प्रभारी श्री विनय कुमार से मुलाकात की गई। तत्पश्चात अवर निरीक्षक कनिका दलाल द्वारा विद्यार्थियों को मिशन शक्ति के तहत महिला अधिकारों की सुरक्षा तथा संरक्षण थाना द्वारा किस प्रकार किया जाता है, के विषय में विस्तार से बताया गया। अवर निरीक्षक द्वारा विद्यार्थियों को प्रथम सूचना रिपोर्ट लिखवाने से लेकर किस प्रकार से चार्जशीट दाखिल की जाती है तक के विषय में विस्तृत रूप से तथा क्रमबद्ध तरीके से बताया। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न साइबर अपराधों के विषय में जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यदि कभी आप डिजिटल क्राइम के शिकार होते हैं तो आपको 1930 निःशुल्क सहायता नम्बर पर तत्काल प्रभाव से अपनी शिकायत दर्ज करवानी चाहिए। इसके बाद अवर निरीक्षक कनिका दलाल द्वारा विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर अपराधों विशेषकर आर्थिक अपराधों में थाने का क्षेत्राधिकार रू. 1,00,000 से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दिया गया है। छात्र छात्राओं द्वारा थाने के विभिन्न कार्यालयों जिनमें महिला हेल्प सेल, विवेचना कक्ष, सहायक लेखा कार्यालय आदि का निरीक्षण किया गया। कनिका दलाल, अवर निरीक्षक द्वारा विद्यार्थियों को असंज्ञेय अपराध, पंचनामा, बन्दी ग्रह, मालखाना एवं अपराधियों एवं महिलाओं के लिए बनाए गए कानून तथा महिला हेल्पलाइन 1090 तथा 1092 आदि के विषय में जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त पुलिस किस प्रकार जीडी में जानकारी भरती है, के विषय में भी विद्यार्थियों द्वारा जानकारी प्राप्त की गई। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों द्वारा अनेक प्रश्न पूछे गए, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सहज, धैय पूर्ण व सरल भाषा में उत्तर दिया। इस शैक्षिक भ्रमण में अदिति, सुमन, भारती, प्रकृति, सोनाली, अनुपम, प्रेरणा, राचिका, दिया, अनामिका, राहुल, गोविन्द, पीयूष, देवांश, यश, सुरभि, आयुषी आदिे विद्यार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

No comments:
Post a Comment