Breaking

Your Ads Here

Friday, December 5, 2025

शोभित यूनिवर्सिटी में आईटी उद्योग–उन्मुख नवाचार पर विशेषज्ञ आशीष अग्रवाल जी का प्रेरक व्याख्यान



नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, शोभित यूनिवर्सिटी में शुक्रवार, 5 दिसंबर 2025 को “शैक्षणिक सीख को उद्योग-उपयोगी नवाचार में रूपांतरित करना” विषय पर एक प्रेरक और ज्ञानवर्धक व्याख्यान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम इंस्टिट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (IIC) के तहत आयोजित हुआ, जिसमें छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।


सत्र के मुख्य वक्ता आशीष अग्रवाल, सीनियर टेक्निकल आर्किटेक्ट, ION ट्रेडिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड। फिनटेक, हाई-फ्रीक्वेंसी ट्रेडिंग और बड़े तकनीकी प्लेटफॉर्म्स के विकास में दो दशक से अधिक अनुभव रखने वाले आशीष अग्रवाल ने छात्रों को बताया कि उद्योग वास्तविक समस्याओं को कैसे देखता है और नवाचार तभी सफल होता है जब वह उपयोगी और व्यवहारिक समाधान दे सके। उन्होंने सरल भाषा में समझाया कि कक्षाओं में सीखे गए सिद्धांत तब और प्रभावी बनते हैं जब उन्हें उद्योग की परिस्थितियों के अनुसार ढाला जाए। उन्होंने टीमवर्क, संचार कौशल, समस्या की पहचान, और निर्णय क्षमता को करियर प्रगति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उदाहरणों, केस स्टडी और वास्तविक तकनीकी चुनौतियों के माध्यम से उन्होंने छात्रों को उद्योग की कार्यशैली से अवगत कराया।


कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार त्यागी ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे व्याख्यान छात्रों को भविष्य की जरूरतों को समझने में मदद करते हैं और उनकी तकनीकी सोच को और परिष्कृत करते हैं। विभाग के निदेशक डॉ. संदीप कुमार ने स्वागत भाषण में तकनीकी शिक्षा में नवाचार की अहमियत पर प्रकाश डाला। प्रो. (डॉ.) ममता बंसल ने कहा कि उद्योग विशेषज्ञों से संवाद छात्रों की दृष्टि को व्यापक बनाता है और उन्हें प्रैक्टिकल सोच विकसित करने में सहायता करता है। कार्यक्रम के संचालन में फैकल्टी कोऑर्डिनेटर डॉ. सुरभि सरोहा का सराहनीय योगदान रहा।


छात्र समन्वयन भोला और सैफ ने संभाला, जबकि मंच संचालन श्री कमल कांत पांडे और माहि ने प्रभावी रूप से किया। व्याख्यान के दौरान छात्रों ने तकनीकी करियर, उद्योग मांगों, उभरती तकनीकों और अवसरों से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका आशीष अग्रवाल ने विस्तार से उत्तर दिया। सत्र के अंत में छात्रों ने इसे अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया, जिससे उन्हें उद्योग-तैयार नवाचार की दिशा में नई समझ और प्रोत्साहन मिला।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here