-थाना कार्यालय की कार्यप्रणाली का समग्र अवलोकन करना रहा उद्देश्य
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण द्वारा थाना मवाना का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य थाना कार्यालय की कार्यप्रणाली का समग्र अवलोकन करना रहा।
एसपी देहात ने निरीक्षण के दौरान थाने में तैनात पुलिस बल की ड्यूटी, कानून व्यवस्था बनाए रखने की गतिविधियों और अपराध नियंत्रण की प्रक्रियाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक देहात ने कार्यालय के रजिस्टरों जैसे रजिस्टर नं-04, गैंग रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर, ग्राम अपराध रजिस्टर आदि का अवलोकन किया। रजिस्टरों में समय पर अंकन, दस्तावेज़ों का रखरखाव और अद्यतन होने की स्थिति की जांच की गई, साथ ही थाने के बैरक, भोजनालय, हवालात, मालखाना, साइबर हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र, शस्त्रागार और थाना परिसर का भ्रमण कर उनके रखरखाव और कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
पुलिस बल से संवाद किया
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल से संवाद कर उन्हें बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सक्रिय रहकर अपराधियों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई करने, जनता की सेवा में तत्पर रहने और शस्त्राभ्यास तथा शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक देहात ने थाना कार्यालय की मरम्मत, रिकॉर्ड अद्यतन, सार्वजनिक शिकायत निवारण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध नियंत्रण और मिशन शक्ति जैसी विशेष पहलों पर सतत निगरानी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और आदेश दिए।
जनता के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने पर विशेष जोर
इस दौरान कार्यालय की साफ-सफाई, अनुशासन एवं संपूर्ण पुलिस व्यवस्था की जांच की गई। कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों के निर्वहन में पूर्ण निष्ठा बरतने के लिए प्रेरित किया गया। कार्य में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और जनता के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
No comments:
Post a Comment