-सदर तहसील में धरनार्थ किसान सभा को बताया फर्जी, सीएम
को ज्ञापन
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। ग्राम सभा की भूमि पर कब्जे को लेकर कई दिनों से
किसानों का धरना सदर तहसील में दिया जा रहा है, आरोप है कि भू माफिया द्वारा पांचली
में सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। रविवार को इस मामले में नया मोड़ आ गया।
जिस बैनर तले किसान प्रदर्शन कर रहे हैं, उन पर माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगा
दिया गया है। इस संबंध में सीएम को पत्र लिखा गया है।
भारतीय किसान यूनियन इंडिया के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव
धर्मेन्द्र गुर्जर ने मुख्यमंत्री को शिकायत करते हुए अवगत कराया कि कुछ अराजक तत्वों
द्वारा फर्जी संगठन गठित किए जा रहे हैं। संगठन के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं। इस
फर्जी संगठन के स्वयंभू राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं इसके मुख्य पदाधिकारियों के विरुद्ध
अपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जिला गाजियाबाद निवासी एक अपराधिक व्यक्ति ने भाकियू
इंडिया के नाम से एक फर्जी संगठन गठित कर लिया है और स्वयं को उसका राष्ट्रीय अध्यक्ष
बताता है। इस संगठन में अधिकांश अराजक तत्वों को जोड़ रखा है, इस संगठन से जुड़े लोगों
का काम अवैध वसूली, अवैध खनन व अन्य गैर कानूनी कार्यों का है। यह संगठन ब्लैकमेलिंग
के लिए ही कार्य करता है।
सवाल-ग्राम सभा क्यों नहीं कर रही विरोध?
अभी हाल ही में भी इसके पदाधिकारियों ने मेरठ के एक प्रकाशक
से अवैध वसूली के लिए दबाव बनाने के लिए सदर तहसील में धरना दे रखा है, जबकि जिस भूमि
के लिए यह धरना दे रहे है, उससे इनका कोई भी लेना-देना नहीं है। उस भूमि के लिए विरोध
ग्रामवासियों अथवा ग्राम सभा को करना चाहिए। इसके पदाधिकारी अवैध नशा मुक्ति केन्द्र
का संचालन अवैध खनन और भू-माफिया के रुप में कार्य करते हैं। इससे हमारे संगठन की बदनामी
हो सकती है, जबकि हमारा इनसे कोई लेना-देना नहीं है।
संगठन को प्रतिबंधित करने की मांग
राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव धर्मेन्द्र गुर्जर का कहना है
कि जनहित में इनके फर्जी संगठन ने कभी भी कोई कार्य नहीं किया है। मुख्यमंत्री
से इस फर्जी संगठन के फर्जी राष्ट्रीय अध्यक्ष व इसके पदाधिकारियों के विरुद्ध विधिक
कार्यवाही करने व इसके द्वारा बनाये गए फर्जी संगठन को प्रतिबंधित करने की मांग की
है।

No comments:
Post a Comment