Breaking

Your Ads Here

Sunday, November 2, 2025

असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया नौचंदी मैदान में लगा अशोक स्तंभ

 




-भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहुंचें, पुलिस कर रही जांच

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। नौचंदी मैदान में लगा अशोक स्तंभ शनिवार रात असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया। रविवार सुबह जब लोगों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत नौचंदी थाने की पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


नौचंदी मेला मैदान में अशोक स्तंभ के साथ कई महापुरुषों की प्रतिमाएं भी लगी हुई हैं। रविवार सुबह यहां से गुजर रहे लोगों ने देखा कि अशोक स्तंभ गिरा हुआ है। धीरे-धीरे यह खबर पूरे इलाके में फैल गई और लोग वहां पहुंचने लगे। लोगों ने असामाजिक तत्वों द्वारा स्तंभ तोड़े जाने पर कड़ा विरोध जताया। कुछ ही देर में नौचंदी मैदान में गिरे अशोक स्तंभ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने इसे देश का अपमान बताते हुए नाराजगी जाहिर की। हिंदूवादी नेता सचिन सिरोही भी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की। अशोक स्तंभ टूटने की खबर मिलने पर नौचंदी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने आस-पास के लोगों से पूछताछ की और पूरी घटना की जानकारी ली। तब तक वे लोग वहां से जा चुके थे जिन्होंने सबसे पहले स्तंभ को टूटा हुआ देखा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


आनन फानन में हटवाया टूटा स्ट्रक्चर

सूचना मिलते ही नौचंदी पुलिस पहुंची। पुलिस ने अफसरों को जानकारी दी और बिना देरी किए सबसे पहले नगर निगम के कर्मचारियों की मदद से उस टूटे हुए अशोक स्तंभ को हटवाया। इस दौरान हिंदूवादी नेताओं ने नाराजगी जताई और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। दोपहर में नगर निगम की एक टीम दोबारा मौके पर पहुंची और नए स्तंभ का निर्माण कराने के लिए नपाई कार्य किया। अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही भी यहां मौजूद रहे।


ये कहना है एसपी सिटी का

एसपी सिटी ने बताया कि जिस वाहन से अशोक स्तंभ टूटा है, उस वाहन का नंबर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मामले में अज्ञात चालक के विरूद्ध मुकदमा भी पंजीकृत कर लिया गया है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here