Breaking

Your Ads Here

Thursday, November 13, 2025

व्यापारियों की समस्याओं को लेकर बैठक, राहत पर मंथन

 


-आवास एवं विकास परिषद के अधिकारी रहें मौजूद, नई योजना पर विचार-विमर्श

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को आवास एवं विकास परिषद कार्यालय में एक बैठक हुई। इस बैठक में परिषद के वास्तु नियोजक, अभियंता और आर्किटेक्ट्स ने बाजार स्ट्रीट योजना के तहत नए विकल्पों और संभावनाओं पर विस्तृत मंथन किया।


गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद 25 अक्तूबर को सेंट्रल मार्केट स्थित आवासीय भवन संख्या 661/6 में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को ध्वस्त कर दिया गया था, इसके साथ ही 31 अन्य भूखंडों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। प्रभावित व्यापारियों को बाजार स्ट्रीट योजना के माध्यम से राहत देने और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था प्रदान करने पर विचार-विमर्श जारी है। बैठक में परिषद के अधीक्षण अभियंता राजीव रुहेला, वास्तु नियोजक डॉ. मुकेश कुमार, अधिशासी अभियंता आफताब अहमद सहित कई अधिकारी मौजूद रहें। उन्होंने नई भू निर्माण एवं विकास उपविधि के अंतर्गत उपलब्ध प्रावधानों और रियायतों के बारे में जानकारी दी।


व्यापारियों ने की समाधान की मांग

बताया गया कि नई उपविधियों में छोटे वाणिज्यिक उपयोगों के लिए कुछ शर्तों के तहत अनुमति दी जा सकती है, जिससे प्रभावित व्यापारियों को लाभ मिल सकता है। इस अवसर पर सेंट्रल मार्केट के व्यापारी जितेंद्र वास्तु अग्रवाल, अमन भारद्वाज, चिराग गुप्ता, नमित जैन सहित अन्य आर्किटेक्ट्स और प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने अपने सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे और व्यापारिक गतिविधियों को नियमानुसार पुनः शुरू करने के लिए समाधान की मांग की।


कैंट विधायक से मिले व्यापारी

बैठक के बाद व्यापारी कैंट विधायक अमित अग्रवाल से भी मिले और स्थिति से अवगत कराया। विधायक ने कहा कि सभी प्रभावित व्यापारी अपने आवेदन शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि उन्हें शासन स्तर पर भेजा जा सके। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विषय को वह शासन और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से रखेंगे, ताकि व्यापारियों को राहत मिल सके।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here