-महिला गीत, संगीत, भजन, कीर्तन, संगोष्ठी के जरिए शहीद को किया जाएगा नमन
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। बच्चा पार्क स्थित पंडित प्यारेलाल शर्मा स्मारक (छोटा हाल) में 1857 के क्रांति नायक धनसिंह कोतवाल को समर्पित जन्मोत्सव सप्ताह (19 से 27 नवंबर तक) पर आयोजित कार्यक्रमों के संदर्भ में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
क्रांति नायक धनसिंह कोतवाल के प्रपोत्र एवं शोध संस्थान के चेयरमैन तस्वीर सिंह चपराना ने बताया कि 1814 ई में 27 नवंबर को क्रांति नायक धनसिंह कोतवाल का जन्म हुआ था, उसी उपलक्ष्य में शोध संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद मंडल के सभी जिलों में जन्मोत्सव सप्ताह 19 से 27 नवंबर तक मनाया जाता है। इस वर्ष विशेष बात यह है कि क्रांतिनायक धनसिंह कोतवाल के जन्मोत्सव सप्ताह कार्यक्रमों के द्वारा 1857 से 1867 तक 10 वर्षों में भारत माता पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले एक करोड़ शहीदों, देशभक्तों, क्रांतिकारियों को नमन किया जाएगा। जन्मोत्सव सप्ताह कार्यक्रमों के दौरान धनसिंह कोतवाल महिला शोध समूह द्वारा गांव, कस्बों, मोहल्लों एवं नगरों में महिला गीत, संगीत, भजन, कीर्तन, संगोष्ठी आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएँ धनसिंह कोतवाल को नमन करेंगी।
15 राज्यों की प्रबुद्ध करेंगे प्रतिभाग
शोध संस्थान द्वारा जन्मोत्सव के अवसर पर देशभर से शोधार्थियों, इतिहासकारों, प्रोफेसर्स, प्रशासनिक एवं गैर प्रशासनिक अधिकारियों, समाज के प्रबुद्ध एवं प्रमुख समाजसेवी को संस्थान के कार्यक्रमों में आमंत्रित किया गया है। इस वर्ष भारत के लगभग 15 राज्यों की प्रबुद्ध जन जन्मोत्सव सप्ताह कार्यक्रम में प्रतिभाग कर धनसिंह कोतवाल को नमन करेंगे। प्रेस वार्ता में धन सिंह कोतवाल के प्रपोत्र तस्वीर सिंह चपराना, राष्ट्रपति पदक से अलंकृत सरबजीत सिंह कपूर, पूर्व प्रोफेसर देवेश शर्मा, महिला संयोजिका सुगम सिंह धामा, डॉक्टर अशोक कुमार चौधरी, विनय कुमार, संजय कुमार धामा आदि उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment