-आई लव मोहम्मद के बाद संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने बढ़ाई निगरानी, डीएम व एसएसपी रहे सड़क पर
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। जुमे की नमाज को लेकर सड़कों पर भारी फोर्स तैनात रही। 'आई लव मोहम्मद' पोस्ट को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट रही। बरेली में हुई हिंसा और संभल में तनावपूर्ण स्थिति के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में हाई अलर्ट घोषित किया गया था। मेरठ के संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स तैनात रही। नमाज के मद्देनजर मस्जिदों के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही।
एसएसपी विपिन टांडा ने बताया, सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी गई। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर की प्रत्येक मस्जिद के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रही, जुमे की नमाज या किसी अन्य समय पर कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की गई। एसएसपी, एसपी और एएसपी ने स्वयं सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साइबर सेल अफवाह फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कड़ी नजर रख रही है। मेरठ सहित आस-पास के जिलों में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। बतादे कि पुलिस-प्रशासन शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सक्रिय है। आमजन से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत जिलाधिकारी व एसएसपी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जुमे की नमाज व आगामी पर्वों के दृष्टिगत शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी डा. वीके सिंह तथा एसएसपी विपिन ताडा द्वारा हापुड़ अड्डा, जाकिर कालोनी, पिलोखडी, भूमिया का पुल, बागपत तिराहा, रेलवे रोड चौराहा, केसरगंज चौकी, सोतीगंज, बेगमपुल आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया व संबंधित अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
No comments:
Post a Comment