-घर-घर पहुंचकर 1676 का किया सत्यापन, 32 महिला टीमों का किया गठन
लियाकत मंसूरी
मेरठ। ऑपरेशन स्त्री सम्मान अभियान के अन्तर्गत जनपद की महिला पुलिस टीम ने 10 वर्षो में महिला सम्बन्धी अपराधों में जेल गए अभियुक्तों की तस्दीक की। उनके सत्यापन के लिए विशेष अभियान का संचालन किया। इस दौरान 1676 लोगों का सत्यापन किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदेशानुसार, एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई। जनपद के समस्त थानों पर महिला मिशन शक्ति टीम द्वारा गत 10 वर्षों में महिला सम्बन्धी अपराधों में प्रकाश में आए एवं जेल गए अभियुक्तों के तस्दीक, सत्यापन के लिए विशेष अभियान संचालित किया गया। इस विशेष अभियान के क्रम में जनपद मेरठ के समस्त थानों पर कुल 32 महिला पुलिस टीमों का गठन किया गया, इन टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर उन अभियुक्तों के निवास स्थान, पारिवारिक पृष्ठभूमि, आर्थिक स्थिति, सामाजिक गतिविधियों, वर्तमान व्यवहार एवं आपराधिक प्रवृत्तियों का सूक्ष्मता से निरीक्षण एवं सत्यापन किया, जो विगत वर्षों में महिला सम्बन्धी अपराधों में संलिप्त रहे या जेल भेजे जा चुके हैं। प्रत्येक अभियुक्त का व्यक्तिगत डोजियर तैयार कर अद्यतन अभिलेखों में अंकित किया गया है, ताकि भविष्य में इन अपराधियों की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा सके। अपराध की पुनरावृत्ति को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।
सत्यापन के दौरान प्राप्त आँकड़े
कुल 1676 अभियुक्तों का सत्यापन किया गया। इनमें से 1567 अभियुक्त उपस्थित पाए गए। 28 अभियुक्त वर्तमान में जेल में निरुद्ध हैं। 09 अभियुक्तों की मृत्यु होना पाया गया। नगर क्षेत्र के विभिन्न थानों में कुल 741 अभियुक्तों का सत्यापन किया गया। देहात क्षेत्र में कुल 863 अभियुक्तों का सत्यापन किया गया।
स्थानीय जनता से किया संवाद
अभियान के दौरान महिला पुलिस टीमों ने स्थानीय जनता से संवाद स्थापित किया। महिला सुरक्षा से सम्बन्धित हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112, 181), साइबर क्राइम एवं मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी, जिससे समाज में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।
No comments:
Post a Comment