नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। दीपों का पर्व दीपावली इस बार “भारत माता के नाम पहला दिया” जलाकर देशभक्ति के रंग में रंग गया। सामाजिक संस्था दि ग्रोइंग पीपल ने मंगल पांडे नगर रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से सद्भभावना पार्क में एक अनूठे कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर भारत माता के चरणों में दीप अर्पित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्रोइंग पीपल की अध्यक्ष अदिति चन्द्रा ने की तथा कार्यक्रम के संयोजक महेश चौहान रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की आरती और दीपदान के साथ हुई। इस अवसर पर फूलों से बने बहुत सुंदर भारत के नक्शे ने सभी का मन मोह लिया। वातावरण देशभक्ति के गीतों और दीपों की उजास से सराबोर हो उठा। संस्था की अध्यक्ष अदिति चन्द्रा ने कहा कि हमारी यह परंपरा केवल दीप जलाने की नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम और कृतज्ञता व्यक्त करने की है। दीपावली का पहला दिया भारत माता के नाम जलाकर हम देश के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लेते हैं। हर वर्ष हम यह कार्यक्रम समाज में एकता और देशभक्ति का संदेश देने के लिए करते हैं।
मंगल पांडे नगर रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद चौधरी ने कहा कि दीपावली का पहला दिया भारत माता के नाम जलाना हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है। यह सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रेम का उत्सव है। आने वाले वर्षों में इसे और भव्य रूप दिया जाएगा। शाम ढलते ही सैकड़ों दीपों की रौशनी से सद्भभावना पार्क जगमगा उठा। उपस्थित लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ देश की अखंडता और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार रवि शर्मा, राजेश शर्मा, मंगल पांडे नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के संरक्षक बी एल गाबा, समिति अध्यक्ष विनोद चौधरी, सचिव देवेंद्र प्रताप सिंह तोमर, महिला शक्ति संस्थान की अध्यक्ष ममता वर्मा, सद्भभावना पार्क के अध्यक्ष सी पी सिंह, कर्नल नवालिया, ग्रोइंग पीपल विनय गोयल, कल्पना यादव, संदीप चौधरी, शिवकुमार, हिमानी, नगलामल आदि गुरु शंकराचार्य गुरुकुल आश्रम के संस्थापक दीपक दयानंद महाराज, स्वच्छ भारत मिशन के अंकुर गौतम तथा विपिन पाल के साथ सैकड़ो की संख्या में लोग उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment