मोहम्मद अली चौहान
नित्य संदेश, सरूरपुर। शुक्रवार क़ो दीपावली पर्व के मद्देनज़र सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच थाना सरूरपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखा निर्माण और बिक्री का भंडाफोड़ किया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम गोटका में जंगल के किनारे बने कमरे में छापेमारी कर 05 बोरे तैयार पटाखे और 12 बोरे पटाखा बनाने की सामग्री बरामद की, जिनका कुल वजन लगभग 4 क्विंटल था। इस कार्रवाई में आरिफ खान, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम गोटका तालाब के पास, को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसकी यह गतिविधि दीपावली के त्योहार से पहले पकड़ी गई। थाना प्रभारी अजय शुक्ला ने बताया की हमारे अभियान का मुख्य उद्देश्य दीपावली के दौरान जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
मुखबिर की सूचना पर की गई यह कार्रवाई साबित करती है कि हम किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेंगे। जनता से अपील है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति की तुरंत सूचना दें, ताकि हम समय रहते कार्रवाई कर सकें। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय शुक्ला,उपनिरीक्षक अनिल कुमार, कृष्णा कुमार, सुभाष और राजकुमार शामिल थे।
No comments:
Post a Comment