Breaking

Your Ads Here

Thursday, September 25, 2025

मेरठ–करनाल हाईवे पर भीषण हादसा: पलटी पुआल से भरी ट्रॉली, पिता–पुत्र की मौके पर मौत



नित्य संदेश ब्यूरो 
सरूरपुर। मेरठ–करनाल हाईवे पर बुधवार देर रात गोटका गांव के पास दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। धान की पुआल से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबकर पिता–पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिवार और गांव में कोहराम मच गया।

मृतकों की पहचान सतीश (48 वर्ष) पुत्र मेवा राम और उसका बेटा गौरव (21 वर्ष) निवासी गांव रंगाना, थाना झिझाना, जिला शामली के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार दोनों हरियाणा से धान की पुआल ढोने का काम करते थे। बुधवार रात भी दोनों पुआल भरकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से सरधना जा रहे थे। जैसे ही वे गोटका गांव के पास पहुंचे, ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और भारी ट्रॉली सड़क पर पलट गई। ट्रॉली के नीचे दबने से दोनों बुरी तरह कुचल गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को हादसे की जानकारी दी।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घर पर कोहराम मच गया। गौरतलब है कि मेरठ–करनाल हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और भारी वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। ओवरलोड और रात के समय तेज रफ्तार इन हादसों की बड़ी वजह बताई जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन अगर ऐसे वाहनों पर सख्ती दिखाए तो हादसों की संख्या कम हो सकती है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here