नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईटीटीटीआर) चण्डीगढ़ के सहयोग से शोध प्रविधि विषय पर एक सप्ताह का अल्पावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ।
उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने किया। सत्र में विश्वविद्यालय के शोध एवं विकास प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. बीरपाल सिंह, एनआईटीटीटीआर चण्डीगढ़ के प्रो. एबी गुप्ता, इग्नू नई दिल्ली के प्रो. प्रमोद कुमार मेहरा, इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रयागराज के प्रो. मनोज कुमार तथा अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. रविन्द्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। संबोधन में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि शोध की गुणवत्ता और विश्वसनीयता किसी भी विश्वविद्यालय की पहचान होती है। आज के युग में ज्ञान-विज्ञान और प्रौद्योगिकी में तीव्र गति से हो रहे बदलाव के बीच शोधकर्ताओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सही प्रविधि का ज्ञान होना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कार्यक्रम प्रतिभागियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रति देशभर के शोधार्थियों और अध्यापकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संयोजन प्रभारी प्रो. रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में किया गया। समन्वय में डॉ. विजेता गौतम, डॉ. भावना सिंह, डॉ. निधि गुप्ता, डॉ. वर्षा, आनंदिता दास तथा डॉ. वीर सेन मौजूद रहें।
No comments:
Post a Comment