-उपभोक्ता सेवाओं, राजस्व वसूली, विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ीकरण को लेकर हुई समीक्षा बैठक
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. की प्रबन्ध निदेशक की अध्यक्षता में जनपद रामपुर में उपभोक्ता सेवाओं, राजस्व वसूली, विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ीकरण आदि बिन्दुओं पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में ट्रांसफर्मर क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए। बैठक में उपभोक्ता सेवाओं में सुधार एवं राजस्व वसूली में गति लाने के निर्देश दिए गए।
प्रबन्ध निदेशक ईशा दुहन की अध्यक्षता, एनके मिश्र (निदेशक, तकनीक) तथा संजय जैन (निदेशक, वाणिज्य) की उपस्थिति में राजस्व वसूली, विजनेस प्लान, विद्युत आपूर्ति, झटपट पोर्टल, निवेश मित्र, ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्तता व अन्य विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार रामपुर में आहुत हुयी। बैठक में उपभोक्ता शिकायतों का समाधान, राजस्व वसूली, विद्युत चोरी रोकथाम तथा विभिन्न तकनीकी एवं वाणिज्यिक बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा की गई, बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रबन्ध निदेशक ने उपभोक्ता सेवा में सुधार के लिए विशेष निर्देश दिए। प्रबन्ध निदेशक ने कहा, विद्युत हेल्प लाइन नं. 1912 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, डिजीटल पोर्टल जैसे झटपट एवं निवेश मित्र पोर्टलों पर प्राप्त होने वाले संयोजनों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
औचक निरीक्षण कर विद्युत चोरी को रोका जाए
बैठक में प्रबन्ध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत चोरी प्रकरण में हर हाल में अंकुश लगाया जाए, विद्युत चोरी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विद्युत चोरी रोकथाम अभियान को और अधिक सघन एवं प्रभावी बनाया जाए, अधिक लाइन हानियों वाले फीडरों को चिन्हित कर परिवर्तन दलों द्वारा औचक निरीक्षण कर विद्युत चोरी को रोका जाए।
बैठक में ये अधिकारीगण रहे मौजूद
बैठक में एके चौरसिया (मुख्य अभियन्ता, वि. मुरादाबाद क्षेत्र), प्रवीन कुमार शर्मा (अधीक्षण अभियन्ता, विद्युत वितरण मण्डल रामपुर), शैलेन्द्र कुमार (अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड-स्वार), अनुराग सिंह (अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड-मिलक), कर्मवीर सिंह (अधिशासी अभियन्ता, विद्युत वितरण खण्ड-बिलासपुर) तथा समस्त उपखण्ड अधिकारी एवं अवर अभियन्ता आदि उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment