-गंदगी व कचरे को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा, कलक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी
नित्य संदेश ब्यूरो
मुंड़ाली। भारत सरकार के स्वच्छ अभियान के तहत लाखों-करोड़ों खर्च करने के बावजूद भी गांव-देहातों में सफाई व्यवस्था नहीं सुधरी। थाना क्षेत्र के गांवों में ग्रामीण परेशान हैं। न तो कोई गाड़ी घर से कूड़ा एकत्र करने के लिए लोगों के घरों तक पहुंचती है और न ही कोई सफाई कर्मचारी गली-मौहल्ले में कूड़ा कचरा उठाने के लिए आता है।
आलम यह है कि सफाई व्यवस्था के लिए दिए गए ई-रिक्शा पंचायत भवन में खराब पड़े हैं। जिनके बैटरों का भी कोई अता पता नहीं है। परेशानी बढ़ती देख ग्रामीणों के सब्र का बांध टूटने लगा है। ग्रामीणों ने हंगामा किया और चेतावनी दी कि अगर शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कलैक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन करेंगे।
रजपुरा ब्लॉक के गांव मऊखास में रविवार को दर्जनों ग्रामीण सचिव कार्यालय पर एकत्र हुए और गांव में गंदगी व सफाई व्यवस्था सुचारु न होने को लेकर हंगामा कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक साल पहले गांव में तैनात सफाई कर्मचारी ओमा शंकर ई-रिक्शा लेकर सायरन बजाता हुआ गली-मौहल्ले में आता था और लोगों के घरों से कूड़ा-कचरा एकत्र करके ले जाता था। लेकिन अब गांव में कोई ई-रिक्शा या गाड़ी लेकर कचरा एकत्र करने कोई नहीं आता है। इसके अलावा गली-मौहल्लों से कचरा उठाकर बाहर भिजवाया जाता था। अब उसे भी कोई नहीं उठाता। वर्तमान में गांव में तैनात सफाई कर्मचारी के दर्शन ही लोगों को नहीं होते। न जाने कहां गायब रहता है। दर्जनों बार लोगों ने ग्राम सचिव अरुण शर्मा व ग्राम प्रधान रविन्द्र कुमार से शिकायत की लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण कलैक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन करेंगे। हंगामा करने वालों में राजू, मोहर सिंह, रमेश कुमार, अंकित कुमार, सागर, हरि सिंह, परमित कुमार, सोनू आदि शामिल रहे।
------------------------
सचिव व प्रधान नहीं करते सीधे मुंह बात
वहीं ग्रामीणों ने बताया कि गांव में गंदगी व कचरे की समस्या को लेकर कई बार ग्राम सचिव व प्रधान से बात की लेकिन उनके तेवर ऐसे तींखे हैं कि सीधे बात तक नहीं करते। समस्या का समाधान तो क्या करेंगे। ई-रिक्शा के बैटरे गायब हो गए। बावजूद इसके अभी तक सचिव ने यह भी नहीं देखा कि आखिर बैटरे गए कहां।
-------------------------
बीडीओ मनोज भारद्धाज का कहना है कि बार बार शिकायत मिल रही हैं। शीघ्र ही पूरे मामले की जांच कराएंगे। सफाई व्यवस्था को हर हाल में सुचारु किया जाएगा।
एडीओ संजीव शर्मा का कहना है कि ई-रिक्शा में बैटरे नए डलवाने के लिए पैसा भेजा जा चुका है। अगर फिर भी ई-रिक्शा खराब अवस्था में है तो यह गलत है। ग्रामीणों के घरों से कूड़ा-कचरा एकत्र होना चाहिए साथ ही गली-मौहल्लों से भी उठाया जाना चाहिए।
No comments:
Post a Comment