Breaking

Your Ads Here

Monday, September 29, 2025

बेसिक शिक्षा विभाग की जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग की जिला टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन कलक्ट्रेट सभागार में किया गया।

बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यक्रमों एवं योजनाओं की जिलाधिकारी महोदय द्वारा समीक्षा की गई। जनपद के परिषदीय विद्यालय में शैक्षिक वातावरण सृजन हेतु बहुआयामी एवं समन्वित प्रयासों पर जिलाधिकारी महोदय द्वारा बल दिया गया। जिलाधिकारी द्वारा सदस्यों को विद्यालय निरीक्षण के समय विद्यालय के सभी कारकों का सूक्ष्म निरीक्षण करने एवं सुधारात्मक एवं सकारात्मक प्रयासों से विद्यालयों की सूरत एवं सीरत बदलने का निर्देश दिया गया। विद्यालय में नियमित स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाए जिसमें न केवल चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अपितु आयुष विभाग के द्वारा भी स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए योग एवं आयुर्वेद चिकित्सा पद्धतियों से न केवल बच्चों को परिचित किया जाए अपितु आवश्यकता होने पर उपचार भी किया जाए। 

जिलाधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधियों से उनकी सहमति के आधार पर दो-दो विद्यालयों को भौतिक परिवेश विकास एवं संसाधन युक्त बनाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करनी हेतु निर्देशित किया गया। जिन विद्यालयों में शासकीय धन उपलब्ध नहीं है ,वहां स्थानीय निकाय 15वें वित से प्राक्कलन तैयार करते हुए विद्यालय विकास हेतु विस्तृत कार्य योजना जिलाधिकारी महोदय के समक्ष प्रस्तुत करें।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया की मॉडल विद्यालय के रूप में चिन्हित 60 विद्यालयों में संपूर्ण कार्य फरवरी 2026 से पूर्व पूर्ण हो जाए। यह विद्यालय एक मॉडल के रूप में अन्य विद्यालयों के लिये मार्गदर्शन का कार्य करेंगें एवं जन सामान्य में सरकारी विद्यालयों के प्रति सकारात्मक अवधारणा को उत्पन्न करने में सहयोगी का कार्य करेंगे ।

अंत में जिलाधिकारी द्वारा समस्त उपस्थित प्रतिभागियों का आवाहन किया कि विद्यालय सुधार न केवल शासकीय दायित्व है बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व भी है ।अतः समस्त हितधारक उच्च नैतिक मूल्य को दृष्टिगत रखते हुए विद्यालय विकास हेतु अपना शत प्रतिशत योगदान देकर आदर्श विद्यालय निर्माण में अपनी भूमिका का समुचित निर्वहन करें।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here