Breaking

Your Ads Here

Tuesday, September 23, 2025

पुलिस ने मुठभेड़ के बाद वांछित चोर को किया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली



नित्य संदेश ब्यूरो 
लावड़। इंचौली पुलिस और स्वॉट टीम देहात की संयुक्त कार्रवाई में एक मुठभेड़ के बाद चोरी की कई वारदातों में वांछित एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया । पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। सोमवार की देर रात जब इंचौली पुलिस खरदौनी कट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद अपाचे मोटरसाइकिल पर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने की बजाय पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो आरोपी के बाएं पैर में लगी।
घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान शाहरुख पुत्र अख्तर, निवासी उलखपुर, इंचौली, मेरठ के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस के साथ-साथ चोरी की सफेद अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। शाहरुख को प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया ।
शाहरुख इंचौली थाने में दर्ज चोरी के तीन मुकदमों में वांछित था। इनमें 6 जुलाई, 2025 को रवीश चौहान के घर से मोबाइल, कुंडल और नकदी चोरी का मामला, 24 जून, 2025 को विनीत कुमार गुप्ता की दुकान से सामान और नकदी चोरी का मामला, और 7 जुलाई, 2025 को सत्येंद्र कुमार के घर से कीमती सामान चोरी का मामला शामिल है। पुलिस के अनुसार, शाहरुख का एक लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसमें हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। इस ऑपरेशन को थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार त्रिपाठी, प्रभारी स्वॉट टीम देहात और इंचौली थाने के उप-निरीक्षकों की टीम ने अंजाम दिया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here