नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आगामी नवरात्रि एवं रामलीला पर्वों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा नगर एवं देहात क्षेत्रों में आरएएफ के साथ व्यापक फ्लैग मार्च किया गया। बीडीडीएस, एंटीसबोटॉज एवं डॉग स्कावड टीम द्वारा सघन सुरक्षा चेकिंग अभियान चलाया गया।
नगर क्षेत्र में सहायक पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी कोतवाली अंतरिक्ष जैन के नेतृत्व में आरएएफ एवं भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च घंटाघर से प्रारम्भ होकर वैली बाजार, सराफा मोड़, लाल बाजार, कागज़ी बाजार, नील गली सराफा मार्केट, खैरनगर, दवाई मार्केट होते हुए छतरी पीर चौराहा, प्यारेलाल हॉस्पिटल होते हुए पुनः घंटाघर पर सम्पन्न हुआ। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिजीत कुमार के नेतृत्व में आरएएफ एवं भारी पुलिस बल के साथ देहात क्षेत्र अंतर्गत थाना मवाना क्षेत्र बस स्टैण्ड चौकी, गोल मार्केट, खतौलिया चौक, गढ़ वाला चौक, डेरे वाला पुल, सर्राफा बाजार चौखट्टा आदि स्थानों पर फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान जनता को आश्वस्त किया गया कि नवरात्रि व रामलीला आयोजनों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था पूरी तरह बनी रहेगी।
इन स्थानों पर पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत बीडीडीएस, एंटीसबोटॉज (एएस) एवं डॉग स्कावड टीम द्वारा जनपद के प्रमुख रामलीला एवं रावण दहन स्थलों पर सघन सुरक्षा चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान थाना सदर बाजार (भैंसाली मैदान), थाना टीपी नगर (रामलीला मैदान), थाना सिविल लाइन (सूरजकुंड), थाना लालकुर्ती (कसेरूखेडा मिलिट्री मैदान), थाना परतापुर (ग्राम ढिंढाला रामलीला मैदान), थाना लिसाड़ीगेट (प्रहलाद नगर), थाना दौराला (श्रीराम इंटर कालेज), रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और स्थानों की गहनता से तलाशी ली गई।
No comments:
Post a Comment