Breaking

Your Ads Here

Wednesday, April 16, 2025

साँप के डसने से नहीं, पत्नी ने प्रेमी से कराया था अमित का मर्डर


अर्जुन देशवाल
नित्य संदेश, बहसूमा। सांप के 10 बार डसने से युवक की मौत का मामला गलत निकला है। युवक की हत्या की गई थी। पत्नी ने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। सोते वक्त पति का गला घोंटा, फिर बिस्तर पर जहरीला सांप छोड़ दिया। इसके बाद बॉयफ्रेंड को वहां से भगा दिया। 

सुबह जब घरवाले उठे तो देखा कि युवक की मौत हो चुकी थी। उसके हाथ के नीचे एक जिंदा सांप दबा हुआ था। उसके शरीर पर सांप के डसने के 10 निशान थे, जिन्हें देखकर परिजनों को लगा कि युवक की मौत सांप के डसने से हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बुधवार देर शाम पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई। इसमें पता चला कि युवक की मौत दम घुटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने पत्नी को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल कर लिया। मामला बहसूमां थाने क्षेत्र के अकरबपुर सादात गांव का है।

अमित कश्यप उर्फ मिक्की (25) वह मजदूरी करता था। रोजाना की तरह शनिवार को भी वह मजदूरी करके रात 10 बजे घर लौटा। इसके बाद खाना खाकर अपने कमरे में सोने चला गया। उसकी पत्नी और बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे।अमित आमतौर पर तड़के सुबह ही जग जाता था। जब वह नहीं उठा, तो करीब साढ़े 5 बजे घरवाले उसे कमरे में जगाने पहुंचे। वहां देखा कि उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। बार-बार आवाज लगाने के बाद भी वह नहीं उठा। घर वालों ने उसे हिलाया, तो शरीर के नीचे सांप बैठा मिला। इस पर घर वालों ने घबराकर शोर मचा दिया। साथ ही सांप को हटाने की कोशिश भी की, लेकिन सांप अपनी जगह से टस से मस नहीं हुआ। इसके बाद घरवालों ने महमूदपुर सिखेड़ा से सपेरे को बुलवाया। वह सांप को पकड़कर अपने साथ ले गया।

शरीर पर सांप के काटने के 10 निशान
इसके बाद घर वाले अमित को डॉक्टर के पास लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके शरीर पर 10 जगह सांप के काटने के निशान मिले, जिसे देखकर परिजनों को लगा कि उसकी मौत सांप के काटने से हुई है। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।


No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here